Winter Foot Care: सर्दियों में फटी एड़ियों से राहत, सोने से पहले अपनाएं ये 5 आसान तरीके
By Adarsh Pandey | News Media Kiran
प्रकाशित: · 4 मिनट में पढ़ें
शेयर करें
9 मिनट पहले
Winter Foot Care
Winter Foot Care: सर्दियों का मौसम आते ही स्किन की कई समस्याएं बढ़ने लगती हैं। चेहरे और हाथों की देखभाल तो ज्यादातर लोग कर लेते हैं, लेकिन पैरों को अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है। नतीजा यह होता है कि एड़ियां सूखने लगती हैं, उनमें दरारें पड़ जाती हैं और चलने में भी दर्द होने लगता है। ठंडी हवा और हवा में नमी की कमी से पैरों की स्किन जल्दी ड्राई हो जाती है। खासकर जो लोग दिनभर खड़े रहते हैं या घर का काम करते हैं, उनके लिए यह समस्या और ज्यादा हो सकती है।
अगर आपकी भी एड़ियां फटने लगी हैं तो रात को सोने से पहले कुछ मिनट निकालकर पैरों की देखभाल कर लें। इसके लिए महंगे फुट स्पा या ढेर सारे प्रोडक्ट की जरूरत नहीं है। घर पर ही कुछ आसान तरीके अपनाकर राहत पाई जा सकती है।
रात को पैरों को कैसे साफ करें?
सोने से पहले पैरों को अच्छे से साफ करना जरूरी है। दिनभर धूल, पसीना और गंदगी जमा हो जाती है। बिना धोए सीधे क्रीम लगाने से फायदा कम होता है। एक टब में हल्का गुनगुना पानी लें और उसमें 5 से 10 मिनट तक पैर डुबोकर रखें। इससे गंदगी साफ होती है और टाइट स्किन थोड़ी सॉफ्ट हो जाती है। पानी बहुत गर्म न रखें, वरना स्किन और ज्यादा ड्राई हो सकती है। बाद में साफ तौलिए से पैरों को अच्छी तरह सुखा लें। उंगलियों के बीच की जगह को भी सूखना न भूलें।
एड़ियों पर जमा डेड स्किन कैसे हटाएं?
कई बार एड़ियों पर मोटी और खुरदुरी स्किन जम जाती है। सिर्फ क्रीम लगाने से काम नहीं चलता। पहले पैरों को गुनगुने पानी में रखें, फिर फुट स्क्रबर या प्यूमिस स्टोन से हल्के हाथों से डेड स्किन हटाएं। जोर से रगड़ने से स्किन छिल सकती है और समस्या बढ़ सकती है। अगर एड़ियों में पहले से गहरी दरारें हैं या खून निकल रहा है तो स्क्रबर इस्तेमाल न करें। ऐसी स्थिति में डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है।
मॉइस्चराइजर कब और कैसे लगाएं?
पैर साफ करने के तुरंत बाद, जब स्किन थोड़ी गीली हो, तभी मॉइस्चराइजर लगाना सबसे अच्छा होता है। सर्दियों में गाढ़ी फुट क्रीम चुनें। यूरिया, ग्लिसरीन या सेरामाइड्स वाली क्रीम स्किन को लंबे समय तक नमी देती है। पेट्रोलियम जेली भी अच्छी काम करती है। एड़ियों पर अच्छी मात्रा में लगाएं। तलवे भी सूखे रहते हों तो वहां भी लगा लें। चेहरे पर क्रीम लगाने के बाद पैरों को न भूलें।
क्रीम लगाने के बाद मोजे पहनना क्यों जरूरी है?
कई लोग क्रीम लगाकर सीधे सो जाते हैं। रात में चलने-फिरने से क्रीम बिस्तर या फर्श पर लग जाती है और पैरों पर नहीं रहती। इसलिए क्रीम लगाने के बाद साफ कॉटन के मोजे पहन लें। इससे मॉइस्चर रातभर बना रहता है और एड़ियां ड्राई होने से बचती हैं। मोजे बहुत टाइट न हों। हमेशा साफ और सूखे मोजे ही पहनें। अगर पैरों में ज्यादा पसीना आता है तो ऐसे मोजे चुनें जिनमें हवा आसानी से आ-जा सके।
दिनभर पैरों की देखभाल कैसे करें?
सिर्फ रात को देखभाल काफी नहीं है। दिन में भी ध्यान रखना जरूरी है। बहुत गर्म पानी से पैर धोने से स्किन की नमी कम हो जाती है, इसलिए हल्के गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें। नहाने के बाद पैर सुखाकर मॉइस्चराइजर जरूर लगाएं। लंबे समय तक नंगे पैर ठंडे फर्श पर न चलें। कम्फर्टेबल जूते या चप्पल पहनें ताकि एड़ियों पर ज्यादा दबाव न पड़े। अगर दरारें गहरी हो गई हैं, चलने में तेज दर्द हो रहा है या सूजन और लालिमा दिख रही है तो डॉक्टर से संपर्क करें।
इन आसान तरीकों को नियमित रूप से अपनाएं तो कुछ दिनों में एड़ियां सॉफ्ट होने लगेंगी और दर्द भी कम होगा। सर्दियों में पैरों की थोड़ी सी देखभाल पूरे दिन को आरामदायक बना सकती है।