New Delhi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘नाराज फूफा’ वाले तंज पर कांग्रेस ने तीखा पलटवार किया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री अपनी सरकार की नाकामियों से ध्यान हटाने के लिए विपक्ष को अलग-अलग विशेषण देते हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछने वाले विपक्ष को निशाना बनाने के बजाय सरकार को देश के युवाओं और उनकी समस्याओं पर जवाब देना चाहिए।
खरगे ने हिंदी में एक्स पर एक पोस्ट के जरिए प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष को साल-दर-साल नए विशेषण देना उनकी राजनीति का हिस्सा बन गया है। उन्होंने ‘नाराज फूफा’, ‘दिमागी नक्सल’, ‘अर्बन नक्सल’, ‘खान मार्केट गैंग’, ‘आंदोलनजीवी’ और ‘परजीवी’ जैसे शब्दों का उल्लेख करते हुए कहा कि विशेषण बदलते रहते हैं, लेकिन सरकार की नीतियां नहीं बदलतीं।


