TMC MLA Arrested: पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के एक विधायक परेशराम दास को सोमवार को कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया। वे मुंबई जाने वाली फ्लाइट पकड़ने आए थे, लेकिन बारुईपुर पुलिस की टीम ने उन्हें दबोच लिया। वे करीब 17 दिनों से फरार चल रहे थे। उनके खिलाफ रेप, जबरन वसूली, मारपीट और चुनाव के बाद हुई हिंसा से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।
दक्षिण 24 परगना जिले की बारुईपुर पुलिस की स्पेशल टीम ने दोपहर के समय यह कार्रवाई की। कैनिंग पश्चिम विधानसभा से विधायक दास लंबे समय से पुलिस की नजर से गायब थे। एयरपोर्ट पर उन्हें पकड़ने के बाद पुलिस उन्हें बारुईपुर ले गई। मंगलवार को उन्हें कोर्ट में पेश किए जाने की बात कही जा रही है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि विधायक काफी दिनों से फरार थे। पुलिस टीम को एयरपोर्ट पर उनकी मौजूदगी की जानकारी मिली तो तुरंत कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद उन्हें जिला पुलिस के पास ले जाया गया।

