कभी गठबंधन की सरकार, कभी मुख्यमंत्री का इस्तीफा, कभी राष्ट्रपति शासन और कभी पूरे पांच साल तक चली स्थिर सरकार. झारखंड की 26 साल की राजनीतिक यात्रा में सत्ता के कई रंग देखने को मिले. लेकिन जिस बेहतर भविष्य की उम्मीद में अलग राज्य बना था, वह सपना कितना पूरा हुआ?
15 नवंबर 2000. बिहार से अलग होकर झारखंड देश के नक्शे पर एक नए राज्य के रूप में उभरा. यह सिर्फ एक नए राज्य का जन्म नहीं था, बल्कि उन लाखों लोगों की उम्मीदों का भी दिन था, जिन्होंने वर्षों तक अलग झारखंड के लिए संघर्ष किया था.
लोगों को उम्मीद थी कि अब उनके गांव, जंगल, जमीन और जरूरतों से जुड़े फैसले ज्यादा करीब से लिए जाएंगे. स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा, आदिवासी समाज के अधिकार मजबूत होंगे और खनिज संपदा से समृद्ध यह इलाका विकास की नई राह पकड़ेगा.
लेकिन राज्य बनने के बाद राजनीति का रास्ता आसान नहीं रहा. कभी बहुमत का संकट आया, तो कभी गठबंधन के साथी अलग हो गए. मुख्यमंत्री बदले, सरकारें बनीं और गिरीं. शुरुआती 13 वर्षों में तीन बार राष्ट्रपति शासन तक लगाना पड़ा.
इस पूरी यात्रा में भारतीय जनता पार्टी और झारखंड मुक्ति मोर्चा राज्य की दो प्रमुख राजनीतिक ताकतों के रूप में उभरे. कांग्रेस, आजसू, राजद और वाम दलों ने भी अलग-अलग समय पर सत्ता के समीकरणों में भूमिका निभाई.
आइए, झारखंड की राजनीति के इन 26 वर्षों को क्रम से समझते हैं.









