बुधवार, 18 नवंबर 2026
लाइव देखें
हॉट टॉपिक्स
ब्रेकिंग

Sleeping Habits: रात को सोते समय बेड के पास न रखें ये 5 चीजें, नींद और सेहत पर पड़ सकता है असर

15 मिनट पहले
Sleeping Habits
Sleeping Habits

Sleeping Habits: दिनभर की थकान के बाद जब हम रात को बिस्तर पर जाते हैं, तो हमारा सिर्फ एक ही मकसद होता है, सुकून की गहरी नींद लेना। लेकिन कई बार जाने-अनजाने हम अपने बेड के आसपास कुछ ऐसी चीजें रख लेते हैं, जो हमारी सेहत और नींद दोनों पर बुरा असर डाल सकती हैं।

हमें लगता है कि ये छोटी-छोटी चीजें हैं, इनसे क्या ही फर्क पड़ेगा, लेकिन असल में ये हमारी अच्छी नींद में परेशानी पैदा कर सकती हैं। आइए आज ऐसी ही कुछ चीजों के बारे में बात करते हैं, जिन्हें रात को सोते समय अपने बिस्तर से दूर रखना चाहिए।

मोबाइल और लैपटॉप को रखें दूर

आजकल बिस्तर पर जाने से पहले फोन चलाना आम बात है, लेकिन मोबाइल या लैपटॉप को सिरहाने या बेड के बिल्कुल पास रखकर सोने से बचना चाहिए। सबसे जरूरी बात यह है कि इन्हें चार्जिंग पर लगाकर सोना ठीक नहीं है। कई बार बैटरी ज्यादा गर्म होने की वजह से इनमें आग लगने या फटने का खतरा रहता है। इसके अलावा आधी रात को आने वाले नोटिफिकेशन की आवाज और स्क्रीन की नीली रोशनी आपकी नींद को प्रभावित कर सकती है। इससे सुबह उठने पर थकान और सिरदर्द महसूस हो सकता है।

बिस्तर पर खाने-पीने की चीजें छोड़ना ठीक नहीं

कुछ लोगों को रात में सोने से पहले कुछ न कुछ खाने की आदत होती है। अगर आप भी बिस्तर पर बैठकर चिप्स या बिस्कुट खाते हैं और आधा खुला पैकेट वहीं छोड़कर सो जाते हैं, तो अपनी इस आदत को बदल लें। बेड के आसपास खाने-पीने की चीजें पड़ी रहने से चींटियां, कॉकरोच और दूसरे कीड़े-मकोड़े आने लगते हैं। ये कीड़े आपके खाने को गंदा कर सकते हैं और सोते समय आपको काट भी सकते हैं। बेहतर है कि खाने की चीजें किचन में ही रखें।

बेड के पास गंदे कपड़े रखना बंद करें

अक्सर लोग अपने बिस्तर के पास रखी कुर्सी या खाली जगह को गंदे कपड़े रखने की जगह बना लेते हैं। पहने हुए कपड़ों को वहीं जमा करते रहते हैं। यह देखने में तो अच्छा नहीं लगता ही है, साथ ही कमरे की सफाई पर भी असर डालता है। लंबे समय तक गंदे कपड़े एक जगह पड़े रहने से उनमें बदबू आने लगती है और नमी होने पर फफूंद पनपने का खतरा भी रहता है। इसलिए गंदे कपड़ों को बेड के पास रखने के बजाय अलग कपड़े रखने वाली टोकरी में डालें।

सुगंधित मोमबत्तियां और अगरबत्ती

कमरे को महकाने के लिए कई लोगों को खुशबू वाली मोमबत्तियां या अगरबत्ती जलाना पसंद होता है। महकता हुआ कमरा अच्छा जरूर लगता है, लेकिन सोने से पहले इन्हें बुझाना न भूलें। जलती हुई मोमबत्ती से पर्दों, चादर या आसपास रखी दूसरी चीजों में आग लग सकती है। इसके अलावा अगरबत्ती और सुगंधित मोमबत्तियों से निकलने वाला धुआं कमरे की हवा को प्रभावित कर सकता है। इससे कुछ लोगों को खांसी, छींक या सांस लेने में परेशानी हो सकती है।

घड़ी की आवाज और नुकीली चीजें रखें दूर

अगर आपके बेड के पास वाली टेबल पर अलार्म घड़ी रखी है, तो उसकी लगातार आने वाली टिक-टिक की आवाज आपकी नींद में परेशानी पैदा कर सकती है। इसलिए घड़ी को बिस्तर से थोड़ी दूर रखें, ताकि अलार्म बजने पर आपकी आंख खुल जाए, लेकिन उसकी आवाज से बार-बार नींद न टूटे। इसके अलावा बेड के पास कांच के बर्तन या कोई नुकीली चीज रखने से भी बचें। रात में नींद के दौरान करवट बदलते समय हाथ लगने से चोट लग सकती है। इसलिए ऐसी चीजों को बिस्तर से दूर रखना ही बेहतर है।

Read More Here:-

Netsha Singh
Author: Netsha Singh

वोटिंग जानकारी लोड हो रही है...

कवरेज: Netsha Singh, News Media Kiran

Netsha Singh

News Media Kiran के लिए लिखते हैं।

अपनी राय दें

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *