Asia Cup 2025: भारत-पाकिस्तान मुकाबले के बाद एक नया विवाद सामने आ गया है। मैच के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी टीम से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट संचालन निदेशक को निलंबित कर दिया है। बोर्ड का आरोप है कि उन्होंने हाथ मिलाने से जुड़े विवाद पर समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की।
भारत ने इस मुकाबले में पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया था। जीत के बाद पाकिस्तानी टीम मैदान पर हाथ मिलाने के लिए इंतजार कर रही थी, लेकिन भारतीय खिलाड़ी सीधे ड्रेसिंग रूम चले गए और दरवाजा भी बंद कर लिया। इस घटना के बाद पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा प्रजेंटेशन सेरेमनी में भी नहीं आए।
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इस पर कहा, “कुछ चीजें खेल भावना से ऊपर होती हैं। हमने वही किया जो सही था और उन्हें उचित जवाब दिया।”
इसे भी पढ़ें: BSEB STET Exam 2025: बिहार शिक्षक भर्ती के लिए फॉर्म भरने की तारीख बढ़ी, 19 सितंबर से शुरू होगा आवेदन
PCB ने की ICC से शिकायत
पीसीबी ने इस मामले पर अब इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) का रुख किया है। PCB प्रमुख मोहसिन नकवी, जो एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष भी हैं, ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा –
“PCB ने ICC में शिकायत दर्ज की है कि मैच रेफरी ने आचार संहिता और क्रिकेट की भावना का उल्लंघन किया। PCB ने रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट को तुरंत हटाने की मांग की है।”
रेफरी पर गंभीर आरोप
PCB ने दावा किया है कि टॉस के समय मैच रेफरी पायक्रॉफ्ट ने पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा को भारतीय कप्तान से हाथ न मिलाने की सलाह दी थी। इतना ही नहीं, टीम मैनेजर नवीद चीमा का आरोप है कि पायक्रॉफ्ट के कहने पर दोनों कप्तानों के बीच टीम शीट्स का आदान-प्रदान भी नहीं हुआ।
इस पूरे विवाद ने एशिया कप में पहले से मौजूद तनाव को और बढ़ा दिया है। हालांकि अभी तक ICC या ACC की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।



