Top 5 This Week

Related Posts

बिहार चुनाव 2025: जीतनराम मांझी ने जारी की 6 उम्मीदवारों की लिस्ट, सीट शेयरिंग पर जताया असंतोष

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का बिगुल बज चुका है और सभी राजनीतिक दल चुनावी रणभूमि में उतर चुके हैं। इसी क्रम में हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने मंगलवार को अपनी पार्टी के उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी। एनडीए गठबंधन में शामिल HAM (से.) को इस बार कुल 6 सीटें मिली हैं, जिन पर पार्टी ने अपने उम्मीदवार उतारे हैं।

हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के घोषित उम्मीदवार

निर्वाचन क्षेत्र उम्मीदवार का नाम
इमामगंज (अ.जा.) दीपा कुमारी
टिकारी अनिल कुमार
बाराचट्टी (अ.जा.) ज्योति देवी
अतरी रोमित कुमार
सिकंदरा (अ.जा.) प्रफुल्ल कुमार मांझी
कुटुम्बा (अ.जा.) ललन राम

NDA में सीट शेयरिंग का फॉर्मूला

बिहार की कुल 243 विधानसभा सीटों पर एनडीए के घटक दलों के बीच सीट बंटवारे का फॉर्मूला तय हो चुका है।

  • जेडीयू (नीतीश कुमार) और भाजपा — 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी।

  • लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) — 29 सीटों पर मैदान में उतरेगी।

  • हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (से.) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (उपेंद्र कुशवाहा) — 6-6 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी।

सीटों की संख्या को लेकर असंतोष जताते हुए जीतनराम मांझी ने कहा, “माना कि हमें उम्मीद से कम सीटें मिली हैं, जिससे हमारे कार्यकर्ताओं का मनोबल कुछ कमजोर हुआ है। लेकिन मैं उन्हें आश्वासन देता हूं कि भविष्य में इसकी भरपाई होगी। हमारा मकसद बिहार को फिर से जंगलराज में नहीं जाने देना है।”

उन्होंने आगे कहा, “हम बिहार के सम्मान और बिहारियत की रक्षा के लिए तैयार हैं। जीतेगा NDA, बना रहेगा बिहार का सम्मान — जय मोदी, तय नीतीश।”

मांझी का यह बयान स्पष्ट करता है कि भले ही सीट बंटवारे को लेकर नाराजगी हो, लेकिन उनकी पार्टी अब भी एनडीए के साथ मजबूती से खड़ी है।

ये भी पढ़ें: बिहार विधानसभा चुनाव 2025: भाजपा की पहली लिस्ट जारी, कई दिग्गज नेताओं के टिकट कटे, नए चेहरों को मिला मौका

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles