Bihar Gold Reserve: भारत सोने के आयात पर निर्भरता कम करने की दिशा में बड़ा कदम उठाने की तैयारी कर रहा है। नीति आयोग जल्द ही सोने की खोज और खनन को बढ़ावा देने के लिए एक नया रोडमैप ला सकता है। इसका मुख्य मकसद देश में मौजूद सोने के भंडार का सही इस्तेमाल करना और विदेशी बाजारों से सोना खरीदने पर होने वाले भारी खर्च को कम करना है।
इस योजना के तहत गोल्ड माइनिंग कंपनियों को वित्तीय प्रोत्साहन देने, लंबी अवधि के खनन अधिकार देने और नीलामी में बोली लगाने वाली कंपनियों की तकनीकी क्षमता के आधार पर रेटिंग करने जैसे सुझाव शामिल हो सकते हैं। इससे गंभीर और सक्षम निवेशकों को इस सेक्टर की ओर आकर्षित किया जा सकेगा। केंद्र और राज्य सरकारों के बीच तालमेल बढ़ाने, मंजूरी प्रक्रिया आसान बनाने और भूवैज्ञानिक आंकड़ों की गुणवत्ता सुधारने पर भी जोर दिया जाएगा।

