चाईबासा।झारखंड की शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त समस्याओं को लेकर ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट ऑर्गनाइजेशन (AIDSO) झारखंड राज्य कमेटी का एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार को राज्यपाल संतोष गंगवार से मिला। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और 125वीं शहादत वर्षगांठ के उपलक्ष्य में उनके जीवन संघर्ष पर आधारित एक विशेष पुस्तक और कैलेंडर भेंट किया।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्य में शिक्षा से जुड़ी जमीनी समस्याओं को विस्तार से रखते हुए 11 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। प्रमुख मांगों में वर्ष 2016 के बाद लंबित झारखंड टीईटी (JTET) परीक्षा का आयोजन, राज्य के सभी विश्वविद्यालयों में कुलपति, प्रति-कुलपति और वित्त पदाधिकारी की नियुक्ति, सरेंडर किए गए 8900 से अधिक TGT/PGT पदों को बहाल कर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करना, कोल्हान विश्वविद्यालय में जेनेरिक और मेथड पेपर की परीक्षा कराना, लंबित PHD परिणामों की घोषणा करना, कॉलेजों में इंटरमीडिएट की पढ़ाई जारी रखना और आंदोलनरत शिक्षकों एवं कर्मचारियों की मांगें मानना शामिल हैं।
इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में गैर-शैक्षणिक पदों पर शीघ्र नियुक्ति, छात्र संघ चुनाव कराए जाने, पहली से आठवीं कक्षा तक पास-फेल प्रणाली बहाल करने, स्नातक व परास्नातक में CUET बाध्यता समाप्त करने तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को रद्द करने की भी मांग की।
राज्यपाल संतोष गंगवार ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक विभागीय कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इन विषयों को संबंधित विभागों को अग्रसारित कर उचित कदम उठाए जाएंगे।
AIDSO ने घोषणा की है कि वे आगामी 6 मई को मुख्यमंत्री के समक्ष इन मांगों को लेकर रांची में एक विशाल छात्र प्रदर्शन का आयोजन करेंगे।
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश सचिव सोहन महतो, उपाध्यक्ष जीवन यादव, सचिव मंडली सदस्य शुभम झा, विशेश्वर महतो और सत्येन मोहंता शामिल थे।

Welcome to News Media Kiran, your premier source for global news. Stay updated daily with the latest in sports, politics, entertainment, and more. Experience comprehensive coverage of diverse categories, keeping you informed and engaged.



