रविवार, 8 नवंबर 2026
लाइव देखें
हॉट टॉपिक्स
ब्रेकिंग

आईसीसी महिला वनडे विश्व कप में सना मीर की ‘आजाद कश्मीर’ टिप्पणी पर विवाद, पूर्व कप्तान ने दी सफाई

3 अक्टूबर 2025
सना मीर

डेस्क: आईसीसी महिला वनडे विश्व कप 2025 के दौरान पाकिस्तान की पूर्व कप्तान और कमेंटेटर सना मीर के बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच खेले गए मुकाबले में कमेंट्री करते हुए सना मीर ने पाकिस्तानी बल्लेबाज नतालिया परवेज को “आजाद कश्मीर से आने वाली खिलाड़ी” कहकर संबोधित किया। यह वही इलाका है जिसे भारत पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) के नाम से जानता है।

लाइव प्रसारण के दौरान दिए गए इस बयान ने सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं पैदा कर दीं। मामला तब शुरू हुआ जब मैच के 29वें ओवर में नतालिया बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरीं। सना मीर ने कहा कि नतालिया मूल रूप से “आजाद कश्मीर” से आती हैं, लेकिन वहां सुविधाओं की कमी होने के कारण उन्हें लाहौर में ट्रेनिंग करनी पड़ी।

सना मीर की सफाई

विवाद बढ़ने के बाद सना मीर ने गुरुवार देर रात सोशल मीडिया पर सफाई दी। उन्होंने लिखा—
“यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि मेरी बातों को बेवजह राजनीतिक रंग दिया जा रहा है। मैं सिर्फ खिलाड़ी के होमटाउन और वहां की परिस्थितियों का जिक्र कर रही थी। कमेंट्री के दौरान हम कई बार खिलाड़ियों की पृष्ठभूमि बताते हैं ताकि दर्शकों को उनकी संघर्ष यात्रा समझ आ सके। मेरा मकसद किसी की भावनाओं को आहत करना नहीं था।”

उन्होंने आगे कहा कि एक ही दिन उन्होंने दो अन्य खिलाड़ियों की पृष्ठभूमि पर भी इसी तरह टिप्पणी की थी। उनका मानना है कि क्रिकेट को राजनीति से जोड़ने के बजाय खेल और खिलाड़ियों पर ही ध्यान केंद्रित होना चाहिए।

शेयर किया रिसर्च का स्क्रीनशॉट

अपनी बात को मजबूत करने के लिए सना मीर ने एक स्क्रीनशॉट भी साझा किया। उन्होंने लिखा कि कमेंट्री से पहले वह खिलाड़ियों के बारे में रिसर्च करती हैं और उसी जानकारी के आधार पर टिप्पणी करती हैं। उनके मुताबिक, उन्होंने नतालिया के संबंध में वही लिखा जो उपलब्ध स्रोतों में दर्ज था।

भारत-पाकिस्तान के बीच संवेदनशील मुद्दों के चलते सना मीर का बयान तेजी से चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर कई यूज़र्स ने इस टिप्पणी की आलोचना की, जबकि कुछ ने इसे केवल खेल से जुड़ी जानकारी बताते हुए तूल न देने की सलाह दी।

ये भी पढ़ें: Jharkhand Weather News: झारखंड में दशहरा के बाद भी बारिश का कहर जारी, संथाल-कोल्हान में ‘ऑरेंज अलर्ट’, जानें अगले 24 घंटे का हाल

वोटिंग जानकारी लोड हो रही है...

कवरेज: Krishan Mohan shukla, News Media Kiran

Krishan Mohan shukla

News Media Kiran के लिए लिखते हैं।

अपनी राय दें

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *