JPSC JSSC Student Protest: झारखंड में सरकारी नौकरियों की लंबित प्रक्रिया और परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ रविवार को हजारीबाग के मटवारी स्थित गांधी मैदान में बड़ी संख्या में छात्र और युवा जमा हुए। जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच की ओर से प्रमंडल स्तरीय छात्र महापंचायत का आयोजन किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम शुरू हुआ और उसके बाद छात्रों ने अपनी समस्याएं जोर-शोर से रखीं। वर्षों से तैयारी कर रहे अभ्यर्थी नियुक्तियों में देरी, उम्र सीमा खत्म होने और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे हैं।
महापंचायत में स्थानीय युवाओं ने सरकार से ठोस कदम उठाने की अपील की। वक्ताओं का कहना था कि सरकारी नौकरी की तैयारी करने वाले युवा लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। परीक्षाओं में बार-बार देरी और अनिश्चितता के कारण कई अभ्यर्थियों की उम्र सीमा समाप्त होने का खतरा बढ़ गया है। छात्रों ने साफ कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े इन मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से सोचना चाहिए।

