Kal Ka Mausam 16 November 2026: बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना अवदाब तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, 16 नवंबर को यह दक्षिण और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के मध्य हिस्सों में चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। 17 नवंबर को इसके प्रचंड चक्रवाती तूफान का रूप लेने की आशंका है। IMD ने 12 राज्यों में भीषण बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 60 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
इस मौसमी प्रणाली का असर दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में देखने को मिलेगा। तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और ओडिशा में भारी बारिश की चेतावनी है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। दिल्ली और उत्तर भारत में धुंध-कोहरे का असर रह सकता है।

