लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर चुनावी धांधली और मतदाता सूची में गड़बड़ियों का मुद्दा उठाते हुए चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि आयोग “एक व्यक्ति, एक वोट” के सिद्धांत को लागू करने में नाकाम रहा है और विपक्ष इस लड़ाई को संसद से सड़क तक जारी रखेगा।
राहुल गांधी ने दोहराया कि देश में मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हैं और यह केवल किसी एक सीट तक सीमित मामला नहीं है, बल्कि कई निर्वाचन क्षेत्रों में संगठित तरीके से हो रहा है। उन्होंने कहा—“पहले हमारे पास ठोस सबूत नहीं थे, लेकिन अब हमारे पास पुख्ता साक्ष्य हैं। चुनाव आयोग को इस गड़बड़ी की जानकारी है, फिर भी कार्रवाई नहीं की जा रही। पिक्चर अभी बाकी है।”
बेंगलुरु से लेकर बिहार तक मामला गूंजा
बेंगलुरु सेंट्रल लोकसभा सीट के महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र में कथित वोट चोरी का मामला उठाते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि यह सिर्फ एक क्षेत्र का नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर चल रही सुनियोजित प्रक्रिया का हिस्सा है। उन्होंने दावा किया कि यह अभियान व्यवस्थित तरीके से चलाया जा रहा है और विपक्ष के पास अब इसके ठोस प्रमाण हैं।
डिजिटल मतदाता सूची को लेकर सवाल
राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर डिजिटल मतदाता सूची उपलब्ध न कराने का आरोप लगाते हुए कहा कि आयोग का दायित्व है कि वह निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करे, लेकिन वह अपना कर्तव्य नहीं निभा रहा है।

