शनिवार, 7 नवंबर 2026
लाइव देखें
हॉट टॉपिक्स
ब्रेकिंग

Ranchi Monkey News: रांची की शराब दुकान में घुसा बंदर, आधी बोतल शराब पीकर कार्टन पर हुआ बेहोश

27 सितंबर 2026

Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बंदर अचानक शराब की दुकान में घुस गया और कथित तौर पर आधी बोतल शराब पीने के बाद वहीं शराब के कार्टन पर लेटकर बेहोश हो गया। इस अनोखी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

बिस्किट से बहलाने की कोशिश, फिर उठाई शराब की बोतल

मामला रांची के ओरमांझी चौक का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, बंदर अचानक शराब की दुकान में घुस आया, जबकि दुकान के कर्मचारी अंदर मौजूद थे। कर्मचारियों ने पहले उसे भगाने की कोशिश की। जब वह नहीं गया तो उसे बहलाने के लिए बिस्किट भी दिए गए।

लेकिन बंदर ने बिस्किट में ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिखाई। उसने शराब की एक बोतल उठा ली। रिपोर्ट के मुताबिक, बंदर ने बोतल को तोड़कर उसमें मौजूद शराब पी ली।

शराब पीने के बाद कार्टन पर सो गया

शराब पीने के कुछ देर बाद बंदर सुस्त दिखाई देने लगा। इसके बाद वह दुकान के अंदर रखे शराब के कार्टन पर जाकर लेट गया और कुछ ही समय में सो गया। बंदर को इस हालत में देखकर दुकान पर मौजूद लोग हैरान रह गए।

लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो में दुकान पर ग्राहक शराब खरीदते नजर आते हैं, जबकि पीछे बंदर कार्टन पर लेटा हुआ दिखाई देता है।

पहले भी शराब चखने की बात

स्थानीय दुकानदारों और लोगों के अनुसार, यह बंदर पिछले कुछ दिनों से इलाके में देखा जा रहा था। दावा है कि वह फेंकी गई शराब की बोतलों में बची शराब को चाटता था। हालांकि, इस घटना में उसने कथित तौर पर दुकान के अंदर जाकर शराब की बोतल ही उठा ली।

घटना के बाद यह मामला स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। बंदर के शराब पीने के बाद उसकी हालत कैसी हुई और उसे बाद में वहां से कैसे हटाया गया, इसे लेकर स्थानीय स्तर पर अलग-अलग बातें सामने आई हैं।

वोटिंग जानकारी लोड हो रही है...

कवरेज: Manpreet Singh, News Media Kiran

Manpreet Singh

News Media Kiran के लिए लिखते हैं।

अपनी राय दें

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *