नई दिल्ली: आम लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में 50 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी कर दी गई है। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोमवार, 7 अप्रैल 2025 को इसकी घोषणा की। मंत्री के मुताबिक यह बढ़ोतरी गैस वितरण करने वाली तेल कंपनियों ने की है और यह 8 अप्रैल 2025 से लागू होगी।
इस फैसले के बाद दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 803 रुपये से बढ़कर 853 रुपये हो गई है। खास बात यह है कि इस बार प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के लाभार्थियों के लिए भी सिलेंडर 50 रुपये महंगा हुआ है।


