डेस्क: इटली के मिलान से दिल्ली लौटने की तैयारी कर रहे यात्रियों की दिवाली से पहले की खुशियां एअर इंडिया की तकनीकी खराबी ने फीकी कर दीं। शुक्रवार को एअर इंडिया की ड्रीमलाइनर फ्लाइट AI-138 को उड़ान भरने से पहले ही तकनीकी समस्या के कारण रद्द करना पड़ा। विमान में मौजूद 255 यात्री और 10 से अधिक क्रू मेंबर फिलहाल मिलान में ही फंसे हुए हैं।
यह फ्लाइट दिल्ली से दोपहर 2:54 बजे AI-137 के रूप में रवाना हुई थी और करीब नौ घंटे बाद इटली पहुंची। लैंडिंग के बाद ग्राउंड टेस्टिंग के दौरान तकनीकी खराबी पाई गई। विशेषज्ञों ने तुरंत सुधार कार्य शुरू किया, लेकिन समय पर मरम्मत न हो पाने के कारण वापसी की उड़ान रद्द करनी पड़ी।
खराबी की वजह से कई यात्रियों की यात्रा योजनाएं बिगड़ गईं। एक यात्री, जिनका शेंगेन वीजा 20 अक्तूबर को खत्म हो रहा था, को विशेष अनुमति के साथ दूसरे विमान से भारत भेजा गया। बाकी यात्रियों को 20 अक्तूबर या उसके बाद की फ्लाइट्स में समायोजित किया जा रहा है।
कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी और चिंता जाहिर की। कुछ ने एयरलाइन पर संवाद की कमी और देरी से जानकारी देने के आरोप लगाए।
एअर इंडिया ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। तकनीकी कारणों से फ्लाइट रद्द करनी पड़ी। सभी यात्रियों को होटल में ठहरने, भोजन और जमीनी सहायता की व्यवस्था की गई है। हालांकि मिलान में सीमित होटल उपलब्ध होने के कारण कुछ यात्रियों को एयरपोर्ट से दूर ठहराया गया है।
एयरलाइन ने कहा, “हम तकनीकी समस्या के समाधान के लिए बोइंग इंजीनियरों से समन्वय कर रहे हैं और जल्द से जल्द वैकल्पिक उड़ान उपलब्ध कराने की कोशिश में हैं।”
एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर (VT-ANN) विमान पहले भी तकनीकी खामियों का सामना कर चुका है। बीते महीनों में इस मॉडल के कई विमानों में इंजन और इलेक्ट्रिकल सिस्टम से जुड़ी गड़बड़ियां सामने आई थीं। डीजीसीए (DGCA) ने भी पहले बोइंग से इस संबंध में रिपोर्ट तलब की थी। विशेषज्ञों का कहना है कि एअर इंडिया का पुराना वाइड-बॉडी बेड़ा अब कंपनी के लिए सबसे बड़ी तकनीकी चुनौती बन गया है।
दिवाली से ठीक पहले भारत लौटने की तैयारी कर रहे यात्रियों को अब अतिरिक्त इंतजार करना पड़ेगा। कई लोगों ने कहा कि वे अपने परिवारों के साथ त्योहार मनाने के लिए महीनों से इस दिन का इंतजार कर रहे थे। हालांकि एयरलाइन ने भरोसा दिलाया है कि सभी यात्रियों को जल्द से जल्द सुरक्षित भारत पहुंचाया जाएगा और किसी को बिना व्यवस्था के नहीं छोड़ा जाएगा।
ये भी पढ़ें: पाक-अफगान तनाव: राशिद खान ने पाकिस्तान को लताड़ा, ACB के फैसले का किया समर्थन
Author: Krishan Mohan shukla
क्या आप इस खबर से सहमत हैं?
0 लोगों ने वोट किया

