भारत-पाकिस्तान के बीच सर क्रीक क्षेत्र में बढ़ते तनाव ने एक बार फिर सीमावर्ती इलाकों को हाई अलर्ट पर ला दिया है। भारत ने 30 अक्टूबर से 10 नवंबर तक सर क्रीक के पास ‘त्रिशूल’ नामक बड़े पैमाने पर त्रि-सेवा (आर्मी, नेवी, एयर फोर्स) युद्धाभ्यास की घोषणा की है, जिसके जवाब में पाकिस्तानी सेना ने 28-29 अक्टूबर के लिए अपने केंद्रीय और दक्षिणी हवाई क्षेत्रों पर प्रतिबंध लगा दिया है।
पाकिस्तान ने भी NOTAM (नोटिस टू एयरमैन) जारी किया है, जिसे विश्लेषकों ने सैन्य अभ्यास या हथियार परीक्षण से जोड़ा है। लेकिन सवाल उठ रहा है – क्या यह सिर्फ रूटीन ड्रिल है या फिर जंग की तैयारी?
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हाल ही में भुज एयर बेस पर सैनिकों को संबोधित करते हुए पाकिस्तान को साफ चेतावनी दी थी: “अगर सर क्रीक क्षेत्र में पाकिस्तान कोई मिसएडवेंचर करने की कोशिश करेगा, तो जवाब इतना कड़ा होगा कि इतिहास और भूगोल दोनों बदल जाएंगे।” सिंह ने पाकिस्तान की हालिया सैन्य इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार की ओर इशारा करते हुए कहा कि “कराची का रास्ता सर क्रीक से होकर गुजरता है।” यह बयान ऑपरेशन सिंदूर के बाद आया है, जिसमें भारत ने पाकिस्तान के अंदर नौ आतंकी कैंपों को ध्वस्त किया था।

