Top 5 This Week

Related Posts

JNU में हंगामा: बैरिकेड तोड़ सड़क पर उतरे छात्र, पुलिस से झड़प में छह जवान घायल

नई दिल्ली: जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) शनिवार शाम एक बार फिर विवादों के केंद्र में रहा, जब करीब 70 से 80 छात्रों ने विश्वविद्यालय के वेस्ट गेट पर प्रदर्शन किया और पुलिस बैरिकेड्स तोड़कर नेल्सन मंडेला मार्ग पर पहुंच गए। प्रदर्शन में महिला छात्राएं भी शामिल थीं। पुलिस के मुताबिक, छात्रों ने इस दौरान धक्का-मुक्की, अभद्र भाषा का प्रयोग और सड़क जाम किया, जिससे कुछ समय के लिए ट्रैफिक बाधित रहा।

दिल्ली पुलिस ने बताया कि छात्रों को कई बार समझाने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने बार-बार बैरिकेड हटाकर आगे बढ़ने का प्रयास किया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने 28 छात्रों को हिरासत में लिया, जिनमें 19 पुरुष और नौ महिला छात्राएं शामिल हैं। हिरासत में लिए गए छात्रों में छात्रसंघ अध्यक्ष नितेश कुमार, उपाध्यक्ष मनीषा, और महासचिव मुन्तिया फातिमा भी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, झड़प के दौरान छह पुलिसकर्मी (चार पुरुष और दो महिला) घायल हुए हैं। सभी को चिकित्सकीय जांच के लिए भेजा गया। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और वीडियो फुटेज के आधार पर आगे की जांच भी शुरू कर दी गई है।

घटनाक्रम के बाद जेएनयू प्रशासन ने छात्रसंघ अध्यक्ष नितेश कुमार पर विश्वविद्यालय के नियमों का उल्लंघन करने के लिए 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। चीफ प्रॉक्टर कार्यालय से जारी आदेश के मुताबिक, नितेश को डीन ऑफ स्टूडेंट्स ऑफिस के 100 मीटर दायरे में प्रदर्शन करने, एडमिन ब्लॉक में जबरन घुसने, दरवाजा तोड़ने और विश्वविद्यालय की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का दोषी पाया गया।

यह प्रदर्शन कुछ महीने पहले छात्रों को हॉस्टल खाली करने के नोटिस के विरोध में किया गया था। आदेश में कहा गया है कि “उनका कृत्य गंभीर है, लेकिन छात्र के करियर को ध्यान में रखते हुए केवल जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है।” प्रशासन ने नितेश को 10 दिन के भीतर जुर्माना जमा करने और यदि असहमति हो तो 20 दिन के भीतर अपील करने का निर्देश दिया है।

सूत्रों के मुताबिक, प्रदर्शन में शामिल अन्य छात्रों पर भी जुर्माना और अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन दोनों ही इस पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें: Astra Mk-II बनेगी और घातक: DRDO को PL-15 मिसाइल का ‘फॉर्मूला’ मिला, चीन की एडवांस्ड टेक को अपना बनाएगा भारत

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles