Heart Health: आम धारणा है कि अगर दिल में कुछ गड़बड़ होगी तो हमें तुरंत पता चल जाएगा, लेकिन ऐसा हमेशा नहीं होता। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार अक्सर रक्त नलिकाओं की अंदरूनी बीमारी के कोई लक्षण नहीं दिखते, और कई बार हार्ट अटैक या स्ट्रोक ही इसका पहला संकेत होता है। WHO के मुताबिक 2022 में दुनिया भर में लगभग 1.98 करोड़ लोगों की मौत हृदय और रक्त वाहिकाओं की बीमारियों से हुई, जो कुल मौतों का करीब 32 प्रतिशत था, और इनमें से 85 प्रतिशत मौतें हार्ट अटैक और स्ट्रोक से हुईं।
ब्रिटेन की NHS के अनुसार दिल की नसों (कोरोनरी धमनियों) में धीरे-धीरे चर्बी जमा होने को एथेरोस्क्लेरोसिस कहते हैं, जिससे कोरोनरी हार्ट डिजीज होती है। धूम्रपान, ज्यादा शराब, हाई कोलेस्ट्रॉल, हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज इसका खतरा बढ़ाते हैं। WHO अस्वस्थ खान-पान, शारीरिक निष्क्रियता, तंबाकू, शराब, मोटापा और वायु प्रदूषण को भी अहम जोखिम कारक बताता है।



