Top 5 This Week

Related Posts

Hindi Diwas 2026: भाषण देने से पहले जान लें ये 5 बातें, 2 मिनट में मंच पर छा जाएंगे

Hindi Diwas Speech 2026: हर साल 14 सितंबर को हिंदी दिवस मनाया जाता है। इस दिन स्कूल, कॉलेज और विभिन्न संस्थानों में भाषण, निबंध, कविता पाठ और वाद-विवाद जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित होती हैं। इनमें भाषण प्रतियोगिता विद्यार्थियों के बीच सबसे लोकप्रिय कार्यक्रमों में से एक होती है। अगर आपको भी हिंदी दिवस पर मंच से बोलना है, तो सिर्फ भाषण याद करना ही काफी नहीं है। बोलने का तरीका भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

शुरुआत ऐसी करें कि सबका ध्यान आपकी ओर हो

भाषण की शुरुआत अभिवादन और विषय के छोटे से परिचय से करें। माइक हाथ में लेते समय घबराने के बजाय कुछ सेकंड रुककर सामने बैठे लोगों की ओर देखें। इसके बाद शिक्षकों, प्रधानाचार्य और सहपाठियों का अभिवादन करते हुए अपनी बात शुरू करें।

आप कह सकते हैं—
“आदरणीय प्रधानाचार्य महोदय, सम्मानित शिक्षकगण और मेरे प्यारे साथियों, आप सभी को मेरा सादर प्रणाम।”

इसके बाद हिंदी के महत्व से जुड़ी एक प्रभावशाली लाइन बोलें, ताकि श्रोताओं की रुचि बनी रहे।

भाषण में हिंदी के इतिहास का जिक्र जरूर करें

अपने भाषण में यह बताएं कि 14 सितंबर 1949 को संविधान सभा ने हिंदी को संघ की राजभाषा के रूप में स्वीकार किया था। इसी ऐतिहासिक घटना की याद में हर साल 14 सितंबर को हिंदी दिवस मनाया जाता है।

इसके बाद हिंदी को केवल भाषा के बजाय भारतीय संस्कृति, साहित्य और भावनाओं से जोड़कर अपनी बात रख सकते हैं।

आज के दौर से जोड़ें भाषण

भाषण को प्रभावी बनाने के लिए हिंदी के वर्तमान स्वरूप का जिक्र करें। आज हिंदी का इस्तेमाल किताबों और समाचार पत्रों तक सीमित नहीं है। डिजिटल मीडिया, सोशल मीडिया, ऑनलाइन शिक्षा और मनोरंजन के क्षेत्र में भी हिंदी का विस्तार लगातार बढ़ रहा है।

मंच पर बोलते समय इन गलतियों से बचें

भाषण याद करते समय शब्दों को रटने के बजाय उनका अर्थ समझें। बहुत तेज बोलने से बचें और जरूरी जगह पर थोड़ा ठहराव रखें। श्रोताओं की ओर देखकर बोलें और आवाज इतनी स्पष्ट रखें कि आखिरी पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक भी आपकी बात पहुंच सके।

अंत में दें यादगार संदेश

भाषण का अंत किसी मजबूत संदेश के साथ करें। उदाहरण के लिए—
“हिंदी केवल हमारी भाषा नहीं, बल्कि हमारी पहचान और भावनाओं की आवाज है। आइए, हिंदी को सम्मान दें और इसके प्रयोग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं।”

इसके बाद धन्यवाद देकर मंच से उतरें। आत्मविश्वास, स्पष्ट उच्चारण और सरल शब्द आपके हिंदी दिवस के भाषण को प्रभावशाली बनाने में सबसे बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।

Manpreet Singh
Author: Manpreet Singh

वोटिंग जानकारी लोड हो रही है...

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles