दिल्ली में शुक्रवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक शाम चार बजे 373 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी को दर्शाता है। हालांकि, दिन के विभिन्न समय पर स्थिति और भी अधिक चुनौतीपूर्ण रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के समीर ऐप के अनुसार, इस मौसम में पहली बार सुबह के समय शहर का एक्यूआई ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच गया था। सुबह छह बजकर पांच मिनट पर एक्यूआई 403 दर्ज किया गया, जो सुबह नौ बजे तक इसी स्तर पर बना रहा। आंकड़ों के अनुसार, कुल 59 निगरानी केंद्रों में से 16 केंद्रों पर वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में रही। इनमें आईआईटी दिल्ली का एक्यूआई 452, दिल्ली विश्वविद्यालय का नॉर्थ कैंपस 446, नरेला और पूसा 437 तथा पंजाबी बाग 431 दर्ज किया गया। केवल दिल्ली कैंट का क्षेत्र मध्यम श्रेणी में रहा, जबकि अन्य अधिकांश केंद्रों पर स्थिति बहुत खराब बनी हुई है। सुबह आठ बजे तक के आंकड़ों पर गौर करें तो 58 निगरानी केंद्रों में से 33 केंद्र गंभीर श्रेणी में थे, जबकि 24 केंद्र बहुत खराब श्रेणी में दर्ज किए गए। उस समय आईआईटी दिल्ली में एक्यूआई 488 तक पहुंच गया था, जबकि चांदनी चौक और नॉर्थ कैंपस में भी स्थिति अत्यंत चुनौतीपूर्ण रही।