Jharkhand News: झारखंड के चतरा जिले में ओपनकास्ट कोयला खनन के विस्तार के लिए 928.03 हेक्टेयर वन भूमि के इस्तेमाल की सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की वन सलाहकार समिति (FAC) ने यह मंजूरी दी है। इस प्रस्ताव के तहत 5.67 लाख पेड़ काटे जाएंगे, जिनमें 2.43 लाख साल के पेड़ शामिल हैं। यह इलाका संरक्षित क्षेत्र में नहीं आता, लेकिन यहां हाथियों समेत अन्य वन्यजीवों की मौजूदगी की सूचना है। इससे मानव-हाथी संघर्ष और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
प्रोजेक्ट का नाम अशोक एक्सपेंशन ओपनकास्ट कोल माइनिंग प्रोजेक्ट (OCP) है। यह नॉर्थ करनपुरा कोलफील्ड में चतरा साउथ फॉरेस्ट डिवीजन के तहत आता है। इसका लक्ष्य सालाना अधिकतम 20 मिलियन टन कोयला उत्पादन का है। विस्तार मौजूदा खदान से पश्चिम की ओर होगा।

