सोमवार, 16 नवंबर 2026
लाइव देखें
हॉट टॉपिक्स
ब्रेकिंग

UP News: यूपी में नकली दवाओं का बड़ा नेटवर्क बेनकाब, अमरोहा से मुरादाबाद-हापुड़ तक फैली सप्लाई

20 मिनट पहले
UP News
UP News

UP News: लखनऊ। उत्तर प्रदेश में नकली दवाओं के कारोबार का एक बड़ा नेटवर्क सामने आया है। अमरोहा के एक मेडिकल स्टोर से लिए गए एंटीबायोटिक के नमूने जांच में नकली पाए गए। इसके बाद औषधि विभाग की जांच में मुरादाबाद, रामपुर और हापुड़ तक फैले सप्लाई नेटवर्क के तार जुड़ते नजर आए। आरोप है कि दूसरे राज्यों में तैयार दवाओं की दिल्ली में पैकिंग बदलकर बिना बिल के मेडिकल एजेंसियों के जरिए बाजार में बेचा जा रहा था। तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद पूरे नेटवर्क की पड़ताल तेज हो गई है।

सीओ सिविल लाइंस भास्कर मिश्रा के अनुसार औषधि निरीक्षक उमेश कुमार भारती की शिकायत पर कार्रवाई शुरू हुई। 12 जून 2026 को अमरोहा की औषधि निरीक्षक रुचि बंसल ने चौधरपुर स्थित आरबी मेडिकल स्टोर से मोक्सीफिट-सीवी 625 टैबलेट का नमूना लिया था। राजकीय विश्लेषक की 27 जुलाई 2026 की रिपोर्ट में दवा नकली पाई गई।

जांच कैसे शुरू हुई और कौन सी दवा नकली निकली?

मेडिकल स्टोर संचालक मोहम्मद आमिर ने पूछताछ में बताया कि उसने दवा पाकबड़ा के जेडआर मेडिकल से खरीदी थी। वहां से पता चला कि आपूर्ति मुरादाबाद के पीएसी रोड स्थित पूनम विहार की एरिबा मेडिकल एजेंसी से हुई थी। एजेंसी के पार्टनर अमित कुमार ने दवा अमरोहा की एरिबा फार्मास्यूटिकल्स से खरीदने की बात कही, लेकिन संबंधित बैच का बिल नहीं दिखा सका। जांच में यह साफ हुआ कि बिना वैध दस्तावेज के दवाएं आगे बेची जा रही थीं।

बिना लाइसेंस वाले आसिफ की क्या भूमिका है?

औषधि निरीक्षक की शिकायत के अनुसार अमित कुमार ने आसिफ नाम के व्यक्ति से बिना बिल के दवाएं खरीदने की बात स्वीकार की। आसिफ के पास दवाओं के कारोबार का वैध लाइसेंस नहीं था। आरोप है कि वह बद्दी, मोहाली, सोलन, चंडीगढ़ और उत्तराखंड के काशीपुर में टैबलेट और कैप्सूल तैयार करवाता था। इसके बाद दिल्ली में पैकिंग बदलवाकर उन्हें अमित की मेडिकल एजेंसियों तक पहुंचाया जाता था। अमित ने इस संबंध में लिखित बयान भी दिया है।

मोबाइल में मिले वीडियो और मुकदमा किसके खिलाफ दर्ज हुआ?

विभागीय टीम जब आसिफ से संपर्क करने पहुंची तो उसका फोन बंद मिला। उसके घर पर भाई वासिफ मिला। शिकायत में आरोप है कि वासिफ के मोबाइल में आसिफ के साथ दवाओं की खरीद-फरोख्त और पैकिंग मशीन से जुड़े वीडियो मिले। इन आधार पर पुलिस ने आसिफ, उसके भाई वासिफ पुत्र अब्दुल वाजिद और अमित कुमार निवासी नवीन नगर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।

आसिफ का पुराना रिकॉर्ड क्या है?

औषधि विभाग की शिकायत में उल्लेख है कि आसिफ वर्ष 2018-19 में नकली दवाओं के कारोबार के मामले में जेल जा चुका है। विभाग को उसके भाई की भूमिका भी संदिग्ध लग रही है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच का मुख्य फोकस यह पता लगाना है कि दवाएं किन जगहों पर तैयार कराई जाती थीं, पैकिंग बदलने का काम कहां होता था और किन एजेंसियों व दुकानों के जरिए अलग-अलग जिलों में बेची गईं।

आगे की जांच में क्या पता चल सकता है?

पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद सप्लाई चेन की पूरी तस्वीर साफ होगी। फिलहाल यह साफ है कि बिना बिल और बिना लाइसेंस के दवाएं कई जिलों तक पहुंचीं। औषधि विभाग और पुलिस दोनों मिलकर जांच कर रहे हैं। इस नेटवर्क के खुलासे के बाद अन्य जिलों में भी मेडिकल स्टोरों की जांच तेज होने की संभावना है। मरीजों की सेहत से जुड़ा यह मामला स्वास्थ्य विभाग के लिए भी चिंता का विषय बन गया है।

Read More Here

Adarsh Pandey
वोटिंग जानकारी लोड हो रही है...

कवरेज: Adarsh Pandey, News Media Kiran

Adarsh Pandey

News Media Kiran के लिए लिखते हैं।

अपनी राय दें

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *