सोमवार, 23 नवंबर 2026
लाइव देखें
हॉट टॉपिक्स
ब्रेकिंग

BJP सांसद रामराव वडकुटे का निधन, 72 साल की उम्र में AIIMS दिल्ली में ली अंतिम सांस

20 मिनट पहले
BJP सांसद रामराव सकरम वडकुटे का निधन, 72 वर्ष की उम्र में AIIMS दिल्ली में ली अंतिम सांस।
New Delhi । भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राज्यसभा सांसद रामराव सकरम वडकुटे (Ramrao Sakharam Wadkute) का 72 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रामराव वडकुटे को 20 नवंबर को खांसी और सीने में तकलीफ की शिकायत के बाद AIIMS में भर्ती कराया गया था। शनिवार शाम उन्हें दिल का दौरा पड़ा। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन देर रात करीब 11:45 बजे उनका निधन हो गया।

इसी साल बने थे राज्यसभा सांसद

रामराव सकरम वडकुटे महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र से आते थे। भाजपा ने उन्हें मार्च 2026 में महाराष्ट्र से राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाया था और अप्रैल 2026 में उन्होंने उच्च सदन की सदस्यता ग्रहण की थी।

इससे पहले वह महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य रह चुके थे। उन्होंने महाराष्ट्र की राजनीति में संगठनात्मक और सामाजिक स्तर पर भी सक्रिय भूमिका निभाई।

धनगर समुदाय के लिए किया काम

वडकुटे को महाराष्ट्र के धनगर समुदाय से जुड़े मुद्दों पर काम करने के लिए जाना जाता था। उन्होंने महाराष्ट्र भेड़ एवं बकरी विकास निगम के अध्यक्ष के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई थी। भाजपा संगठन को मजबूत करने में भी उनकी भूमिका रही।

प्रधानमंत्री मोदी ने जताया शोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रामराव वडकुटे के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज के प्रति उनके योगदान और गरीब एवं वंचित वर्गों की सेवा के लिए किए गए कार्यों को हमेशा याद रखा जाएगा। प्रधानमंत्री ने महाराष्ट्र में भाजपा संगठन को मजबूत करने के उनके प्रयासों का भी उल्लेख किया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई।

रामराव सकरम वडकुटे के निधन को महाराष्ट्र की राजनीति और भाजपा संगठन के लिए एक बड़ी क्षति के रूप में देखा जा रहा है।

वोटिंग जानकारी लोड हो रही है...

कवरेज: Manpreet Singh, News Media Kiran

Manpreet Singh

News Media Kiran के लिए लिखते हैं।

अपनी राय दें

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *