जमशेदपुर :पूर्वी सिंहभूम जिला समाहरणालय सभागार में सोमवार को जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त अनन्य मित्तल और वरीय पुलिस अधीक्षक किशोर कौशल की संयुक्त अध्यक्षता में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) 4 मई 2025 को आयोजित के सफल, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त आयोजन हेतु समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) अनिकेत सचान, एसडीएम धालभूम शताब्दी मजूमदार, सिटी एसपी कुमार शिवाशीष समेत कई प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में बताया गया कि जिले के पांच शैक्षणिक संस्थानों के आठ परीक्षा केन्द्रों में कुल 3810 परीक्षार्थी नीट परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा अपराह्न 2 बजे से 5 बजे तक आयोजित होगी, जबकि परीक्षार्थियों का प्रवेश पूर्वाह्न 11 बजे से प्रारंभ होगा और अपराह्न 1:30 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, प्रवेश द्वार पर गहन जांच, पहचान पत्र का अनिवार्य सत्यापन, मेडिकल और आपातकालीन सुविधा की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। परीक्षा के दौरान धारा 144 लागू कर भीड़ नियंत्रण सुनिश्चित करने और परीक्षा गोपनीयता के साथ सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाने पर जोर दिया गया।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस महत्वपूर्ण परीक्षा का कदाचारमुक्त आयोजन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को किसी भी प्रकार की चूक और लापरवाही से बचने तथा संवेदनशीलता और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। परीक्षा केंद्रों के आसपास के क्षेत्र में भी संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने का आदेश दिया गया। साथ ही, परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क की स्थापना और सूचना बोर्ड लगाने का निर्देश भी दिया गया।

वरीय पुलिस अधीक्षक किशोर कौशल ने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा। जिला नियंत्रण कक्ष के अलावा प्रत्येक केंद्र में भी स्थानीय नियंत्रण कक्ष स्थापित किए जाएंगे। परीक्षार्थियों को केवल एडमिट कार्ड और फोटो पहचान पत्र के साथ प्रवेश मिलेगा। किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, गहने या स्टेशनरी सामग्री लाने पर प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने सभी पुलिस उपाधीक्षकों को होटल, रेस्तरां और अन्य सार्वजनिक स्थलों की जांच करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) अनिकेत सचान, एसडीएम धालभूम शताब्दी मजूमदार, सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, एसीएमओ जोगेश्वर प्रसाद, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव, डीआईओ किशोर प्रसाद, सीओ मानगो ब्रजेश श्रीवास्तव, डीईओ मनोज कुमार, पुलिस उपाधीक्षक और सभी परीक्षा केंद्रों के अधीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Welcome to News Media Kiran, your premier source for global news. Stay updated daily with the latest in sports, politics, entertainment, and more. Experience comprehensive coverage of diverse categories, keeping you informed and engaged.



