Top 5 This Week

Related Posts

एशिया कप ट्रॉफी विवाद पर बीसीसीआई सख्त, एसीसी अध्यक्ष नकवी के रवैये पर आपत्ति

डेस्क: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने एशिया कप 2025 की विजेता ट्रॉफी भारतीय टीम को नहीं सौंपे जाने के मामले में एशिया क्रिकेट परिषद (एसीसी) के सामने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। मंगलवार को हुई एसीसी की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में बीसीसीआई ने साफ किया कि विजेता टीम को ट्रॉफी न देना खेल भावना के खिलाफ है।

भारत ने रविवार को पाकिस्तान को हराकर नौवीं बार एशिया कप का खिताब जीता था। लेकिन पुरस्कार वितरण समारोह में विवाद उस समय खड़ा हो गया जब खिलाड़ियों ने एसीसी अध्यक्ष और पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी के हाथों से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद पूरा कार्यक्रम बिना विजेता ट्रॉफी दिए ही खत्म हो गया। भारतीय खिलाड़ियों ने ट्रॉफी के बिना ही जीत का जश्न मनाया।

बाद में बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बताया था कि नकवी ट्रॉफी को अपने साथ होटल के कमरे में ले गए थे। बोर्ड ने स्पष्ट किया कि इस मामले की शिकायत आईसीसी में भी की जाएगी।

नकवी पर बीसीसीआई का निशाना

एसीसी सूत्रों के अनुसार, बीसीसीआई ने बैठक में कहा कि ट्रॉफी विजेता टीम को सौंपी जानी चाहिए। राजीव शुक्ला ने बैठक के दौरान यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह एसीसी की ट्रॉफी है, किसी एक व्यक्ति की नहीं। वहीं बीसीसीआई की ओर से यह भी दोहराया गया कि खिलाड़ियों का नकवी से ट्रॉफी न लेने का निर्णय पूरी तरह सही था।

गौरतलब है कि नकवी पाकिस्तान के गृह मंत्री होने के साथ-साथ भारत विरोधी बयानों के लिए भी जाने जाते हैं। बीसीसीआई पहले ही साफ कर चुका था कि भारतीय खिलाड़ी उनके हाथों से ट्रॉफी स्वीकार नहीं करेंगे।

एसीसी ऑफिस में पड़ी है ट्रॉफी

बैठक में बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला और पूर्व कोषाध्यक्ष आशीष शेल्लार ने बोर्ड का प्रतिनिधित्व किया। सूत्रों ने बताया कि फिलहाल विजेता ट्रॉफी एसीसी दफ्तर में ही रखी हुई है और यह स्पष्ट नहीं है कि इसे भारतीय टीम को कब सौंपा जाएगा।

अब नजरें नवंबर में होने वाली आईसीसी बैठक पर हैं, जहां बीसीसीआई इस मुद्दे को औपचारिक रूप से उठाकर एसीसी के रवैये का विरोध करेगा।

ये भी पढ़ें: Health News: क्या प्रेग्नेंसी में करवा चौथ का व्रत रखना सुरक्षित है? स्त्री रोग विशेषज्ञ से जानें किन स्थितियों में व्रत रखना हो सकता है खतरनाक

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles