Chintpurni(Una)। प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार में रविवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। करीब 15 हजार श्रद्धालुओं ने मां चिंतपूर्णी के दर्शन कर शीश नवाया और सुख-समृद्धि की कामना की। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। दोपहर तक यह कतार होटल संतोष से आगे तक पहुंच गई।
श्रद्धालुओं को मां के दर्शन के लिए करीब दो से तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ा। इसके बावजूद भक्तों में उत्साह और आस्था का माहौल बना रहा। चिंतपूर्णी बाजार और मंदिर मार्ग दिनभर श्रद्धालुओं से गुलजार रहे। कतारों में अपनी बारी का इंतजार करते हुए श्रद्धालु मां की भेंटें गाते और जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे।
रविवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिवारों के साथ मां के दरबार में पहुंचे। दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने चिंतपूर्णी बाजार में खरीदारी भी की, जिससे स्थानीय दुकानदारों के कारोबार में रौनक देखने को मिली।

इसी बीच डगोह और पृथ्वीपुर गांवों से श्रद्धालुओं का एक बड़ा जत्था करीब 17 किलोमीटर पैदल चलकर चिंतपूर्णी पहुंचा। यात्रा के दौरान श्रद्धालु मां की भेंटें गाते और जयकारे लगाते रहे। मंदिर पहुंचने के बाद जत्थे में शामिल श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना की और मां का आशीर्वाद लिया।
इस पैदल यात्रा में पंचायत प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। पंचायत प्रधान सुनीता डोगरा, उपप्रधान राजेश ठाकुर, पूर्व प्रधान अशोक, पूर्व प्रधान अनीता, पंचायत सदस्य संजय, राकेश, मीनू और लवली सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा में शामिल रहे।

