झारखंड में परिसीमन की चर्चा का सबसे अहम और संवेदनशील पहलू आदिवासी आरक्षण है। फिलहाल विधानसभा की 81 सीटों में 28 अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं, जबकि लोकसभा की 14 सीटों में पांच एसटी आरक्षित हैं। विधानसभा की कुल सीटें लगभग 122 होने पर सबसे बड़ा सवाल यही है कि आदिवासी आरक्षित सीटों की संख्या कितनी बढ़ेगी।
यह जरूरी नहीं कि कुल सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि के अनुपात में आरक्षित सीटें भी अपने आप बढ़ जाएं। इसका निर्धारण संबंधित क्षेत्रों में अनुसूचित जनजाति की आबादी और परिसीमन के संवैधानिक मानकों के आधार पर होगा। बरहेट, बोरियो, लिट्टीपाड़ा, महेशपुर, शिकारीपाड़ा, चाईबासा, मझगांव, चक्रधरपुर, खरसावां, मनोहरपुर, खूंटी, तोरपा, सिसई, गुमला और बिशुनपुर जैसे क्षेत्रों पर इस प्रक्रिया का सीधा असर पड़ सकता है।
पूर्व में परिसीमन प्रक्रिया में झारखंड की विधानसभा की एसटी आरक्षित सीटों को 28 से घटाकर 22 और लोकसभा की पांच से चार करने का प्रस्ताव सामने आया था। तब झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष शिबू सोरेन के नेतृत्व में जोरदार विरोध हुआ था और वह प्रस्ताव लागू नहीं हो पाया। इसी पुराने अनुभव के कारण जेएमएम समेत आदिवासी सामाजिक संगठनों में नई प्रक्रिया को लेकर सतर्कता बनी हुई है। उनकी चिंता है कि सीटें बढ़ने के बावजूद आदिवासी प्रतिनिधित्व अपेक्षित अनुपात में न बढ़े तो सामाजिक-राजनीतिक असंतुलन पैदा हो सकता है।