Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची में हथियार के बल पर अगवा किए गए एक युवक को पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। घटना अरगोड़ा थाना क्षेत्र के कडरू इलाके की है, जहां रविवार देर रात करीब एक बजे हथियारबंद बदमाशों ने युवक को जबरन अगवा कर लिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए विशेष टीम का गठन किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक पारस राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी सूचना और खुफिया जानकारी के आधार पर संभावित ठिकानों की तलाश शुरू की। पुलिस ने नगड़ी इलाके में घेराबंदी कर एक संदिग्ध स्थान पर छापेमारी की, जहां से अपहृत युवक को बरामद कर लिया गया।
नगड़ी में घेराबंदी कर युवक को छुड़ाया
पुलिस के अनुसार, अपहरण की सूचना मिलने के बाद टीम ने तेजी से कार्रवाई की और करीब दो घंटे के भीतर युवक तक पहुंच गई। बरामदगी के बाद युवक को पुलिस सुरक्षा में लिया गया और इलाज व जरूरी देखभाल के लिए भेजा गया।
नग्न हालत में मिला युवक, मारपीट का आरोप
पुलिस टीम जब संदिग्ध ठिकाने पर पहुंची तो युवक नग्न अवस्था में मिला। आरोप है कि अपहरणकर्ताओं ने उसके साथ मारपीट की थी। यह भी जानकारी सामने आई है कि बदमाशों ने युवक की नग्न अवस्था में वीडियो बनाई थी। पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए घटना के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान में जुटी है।
पुलिस अब अपहरण में शामिल लोगों की तलाश कर रही है। साथ ही घटना में इस्तेमाल हथियार, युवक के साथ हुई मारपीट और वीडियो बनाए जाने समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। रांची पुलिस ने इससे पहले 7 सितंबर को भी विधायक जनार्दन पासवान के बेटे के अपहरण के मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए करीब दो घंटे में उसे बरामद किया था।

Welcome to News Media Kiran, your premier source for global news. Stay updated daily with the latest in sports, politics, entertainment, and more. Experience comprehensive coverage of diverse categories, keeping you informed and engaged.

