Patna Murder Case: पटना के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले आलमपुर गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब एक 22 वर्षीय युवक की लाश मिली. मृतक की पहचान ओमप्रकाश उर्फ खाजा के रूप में हुई है जो इसी गांव का निवासी था. गुरुवार की सुबह गांव के बाहर उसका खून से लथपथ शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.
ओमप्रकाश के शरीर पर गहरे जख्मों के निशान मिले हैं जिससे यह साफ होता है कि उसकी हत्या अत्यंत क्रूरता के साथ की गई है. पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि बदमाशों ने पहले उसे लोहे की रॉड से पीटा और फिर गोलियां मारीं. इस घटना के बाद से मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

