Top 5 This Week

Related Posts

बरेली: दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग मामले में STF की बड़ी कार्रवाई, दो बदमाश एनकाउंटर में ढेर

बरेली: बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। यूपी एसटीएफ और दिल्ली स्पेशल सेल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गाजियाबाद की ट्रॉनिका सिटी में मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को पकड़ लिया। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल दोनों आरोपियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

एसटीएफ नोएडा यूनिट के एसपी राजकुमार मिश्र ने बताया कि मुठभेड़ में हरियाणा के रोहतक निवासी रविंद्र और सोनीपत के अरुण घायल हुए थे। इनके पास से ग्लॉक और जिगाना पिस्टल बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार दोनों बदमाश कुख्यात अपराधी गोल्डी बरार गैंग से जुड़े थे और दिशा पाटनी के घर पर हुई फायरिंग में शामिल थे।

दिशा पाटनी के घर पर नौ राउंड फायरिंग

घटना 12 सितंबर की है, जब तड़के करीब साढ़े तीन बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने बरेली स्थित दिशा पाटनी के घर पर ताबड़तोड़ नौ राउंड फायरिंग की थी। इसके बाद आरोपी नैनीताल हाईवे की ओर भाग निकले। घटना की जिम्मेदारी गोल्डी बरार के करीबी रोहित गोदारा की आईडी से सोशल मीडिया पर ली गई थी। पोस्ट में दो संतों के खिलाफ विवादित टिप्पणी करने का हवाला दिया गया और भविष्य में जान से मारने की धमकी भी दी गई।

इसे भी पढ़ें: एशिया कप 2025: यूएई मैच से पहले PCB ने ICC के सामने रखीं दो मांगें, हुई किरकिरी

फायरिंग के समय अभिनेत्री के पिता सेवानिवृत्त सीओ जगदीश पाटनी, मां और बहन सेवानिवृत्त मेजर खुशबू पाटनी घर पर ही मौजूद थीं। सौभाग्य से इस हमले में कोई घायल नहीं हुआ। पुलिस को मौके से तीन बर्स्ट फायरिंग के निशान मिले, जिससे नौ राउंड गोली चलने की पुष्टि हुई।

खुशबू पाटनी की सोशल मीडिया पोस्ट पर विवाद

मामले की पृष्ठभूमि में खुशबू पाटनी की सोशल मीडिया पोस्ट को अहम माना जा रहा है। उन्होंने हाल ही में संत अनिरुद्धाचार्य के लड़कियों पर दिए बयान की आलोचना की थी। इस टिप्पणी को कुछ लोगों ने संत प्रेमानंद से जोड़कर सोशल मीडिया पर विवाद खड़ा कर दिया। इसके बाद खुशबू को लगातार ट्रोल किया गया और धमकियां भी मिलीं।

घटना के बाद एसएसपी ने एसपी सिटी और एसपी क्राइम के नेतृत्व में पांच टीमें गठित कर दी थीं। साथ ही अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी मामले की जांच में जुट गई थीं। मुठभेड़ के बाद अब पुलिस को उम्मीद है कि इस मामले से जुड़े कई राज़ उजागर होंगे और बाकी फरार बदमाशों की तलाश भी तेज कर दी गई है।

Vaibhav tiwari
Author: Vaibhav tiwari

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles