https://whatsapp.com/channel/0029VajZKpiKWEKiaaMk4U3l

Top 5 This Week

Related Posts

JPSC सिविल सेवा में 103 पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी, 31 जनवरी से शुरू होगा आवेदन

JPSC Civil Services: झारखंड लोक सेवा आयोग ने संयुक्त असैनिक सेवा प्रतियोगिता परीक्षा 2025 के लिए 103 पदों पर भर्ती की घोषणा कर दी है। इनमें 28 उप समाहर्ता यानी डिप्टी कलक्टर और 42 पुलिस उपाधीक्षक के पद शामिल हैं। आयोग ने गुरुवार को सिविल सेवा परीक्षा की अधिसूचना जारी करते हुए आवेदन और परीक्षा की तिथियां भी घोषित कर दी हैं।

आवेदन प्रक्रिया और महत्वपूर्ण तिथियां

इस परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन 31 जनवरी से शुरू होंगे और 14 फरवरी शाम पांच बजे तक जारी रहेंगे। परीक्षा शुल्क का भुगतान 16 फरवरी शाम पांच बजे तक किया जा सकेगा। इच्छुक अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे समय रहते आवेदन कर दें।

प्रारंभिक परीक्षा आठ मार्च को आयोजित की जाएगी। इसमें उत्तीर्ण होने वाले अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए पात्र होंगे जो दो से चार मई तक आयोजित की जाएगी। साक्षात्कार की संभावित तिथि 16 से 19 जून तय की गई है।

आयु सीमा और अवसरों की संख्या

इस परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए अधिकतम और न्यूनतम आयु की गणना एक अगस्त 2026 से की जाएगी। महत्वपूर्ण बात यह है कि सिविल सेवा परीक्षा में शामिल होने के लिए अवसरों की कोई सीमा नहीं है। कोई भी अभ्यर्थी चाहे जितनी बार इस परीक्षा में सम्मिलित हो सकता है।

चयन प्रक्रिया

प्रारंभिक परीक्षा के माध्यम से कुल रिक्ति के 15 गुना अभ्यर्थियों का चयन मुख्य परीक्षा के लिए किया जाएगा। अंतिम मेधा सूची मुख्य परीक्षा तथा साक्षात्कार के अंकों के योग के आधार पर तैयार होगी।

मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण करने के लिए सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक लाना अनिवार्य होगा। आरक्षित वर्गों में अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए 34 प्रतिशत और पिछड़ा वर्ग के लिए 36.5 प्रतिशत अंक आवश्यक होंगे। साक्षात्कार 100 अंकों का होगा और इसमें न्यूनतम अंक की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई है।

पदवार विवरण

नौ विभिन्न सेवाओं में कुल 103 पदों पर नियुक्ति होगी। उप समाहर्ता कार्मिक विभाग के लिए 28 पद हैं जिनमें 12 अनारक्षित, 8 अनुसूचित जनजाति, 2 अनुसूचित जाति, 2 अत्यंत पिछड़ा वर्ग, 2 पिछड़ा वर्ग और 2 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए आरक्षित हैं।

पुलिस उपाधीक्षक गृह विभाग के लिए 42 पद हैं जिनमें 18 अनारक्षित, 11 अनुसूचित जनजाति, 4 अनुसूचित जाति, 3 अत्यंत पिछड़ा वर्ग, 2 पिछड़ा वर्ग और 4 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए आरक्षित हैं।

सहायक नगर आयुक्त या कार्यपालक पदाधिकारी या विशेष पदाधिकारी नगर विकास विभाग के लिए 10 पद हैं। सहायक निदेशक सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के लिए भी 10 पद हैं।

सीमित पदों वाली सेवाएं

JPSC Civil Services
JPSC Civil Services

चार सेवाओं में बहुत कम पद हैं। जिला समादेष्टा गृह विभाग के लिए केवल दो पद हैं जिनमें एक अनारक्षित और एक पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित है। प्रोबेशन पदाधिकारी गृह विभाग के लिए चार पद हैं जिनमें दो अनारक्षित और दो पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित हैं।

सहायक निदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग के लिए तीन पद हैं जिनमें दो अनारक्षित और एक अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। सहायक निबंधक कृषि पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के भी दो पद हैं जिनमें एक अनारक्षित और एक अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं।

क्षैतिज आरक्षण

इस बार क्षैतिज आरक्षण में आदिम जनजाति तथा खिलाड़ियों के लिए कोई पद आरक्षित नहीं है। महिलाओं के लिए दो पद आरक्षित हैं जिनमें एक उप समाहर्ता और एक पुलिस उपाधीक्षक का पद शामिल है। सात पद दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित हैं।

शारीरिक मानक और चिकित्सीय योग्यता

पुलिस उपाधीक्षक और जिला समादेष्टा के पद पर नियुक्ति के लिए अभ्यर्थी को निर्धारित शारीरिक मानकों के अनुरूप स्वस्थ होना आवश्यक होगा। अभ्यर्थी के शरीर में हड्डियों और जोड़ों का कोई रोग नहीं होना चाहिए तथा मानसिक विकृति या दौरा पड़ने की बीमारी नहीं होनी चाहिए।

हृदय या रक्त वाहिकाओं के संबंध में कोई क्रियात्मक या आंगिक रोग नहीं होना चाहिए और रक्तदाब सामान्य होना चाहिए। शारीरिक अपंगता नहीं होनी चाहिए। अभ्यर्थी एचआईवी संक्रमित नहीं होना चाहिए और कलर या नाइट ब्लाइंडनेस से ग्रसित नहीं होना चाहिए।

रूटीन ईसीजी तथा ईईजी सामान्य सीमा में होना आवश्यक है। हाईड्रोसील बेरिकोसिल या पाइल्स का रोग नहीं होना चाहिए। यह चिकित्सीय जांच पुलिस उपाधीक्षक जिला समादेष्टा काराधीक्षक एवं प्रोबेशन पदाधिकारी पद के लिए आवश्यक होगी।

JPSC Civil Services: ऊंचाई और सीने की माप

अनारक्षित पिछड़ा तथा अत्यंत पिछड़ा वर्ग के पुरुष के लिए न्यूनतम लंबाई 165 सेंटीमीटर होनी चाहिए। अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति वर्ग के पुरुष के लिए न्यूनतम लंबाई 162 सेंटीमीटर है।

अनारक्षित पिछड़ा तथा अत्यंत पिछड़ा वर्ग की महिलाओं के लिए न्यूनतम लंबाई 155 सेंटीमीटर और अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं के लिए न्यूनतम लंबाई 152 सेंटीमीटर है।

सामान्य पिछड़ा तथा अति पिछड़ा वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों के सीने की न्यूनतम माप बिना फुलाए 81 सेंटीमीटर होनी चाहिए। अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति के पुरुष उम्मीदवारों के सीने की न्यूनतम माप बिना फुलाए 79 सेंटीमीटर होनी चाहिए। यह परीक्षा झारखंड के युवाओं के लिए राज्य सेवा में प्रवेश का सुनहरा अवसर है। इच्छुक अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर विस्तृत जानकारी प्राप्त करें और समय पर आवेदन करें।

Sanjna Gupta
Author: Sanjna Gupta

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles