Jharkhand Foundation Day: 15 नवंबर झारखंड के लिए खास दिन है। इसी तारीख को धरती आबा बिरसा मुंडा की जयंती मनाई जाती है और 2000 में अलग राज्य का गठन भी इसी दिन हुआ था। बिरसा मुंडा ने आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए ब्रिटिश शासन से सीधी लड़ाई लड़ी। उन्होंने न सिर्फ आंदोलन चलाया बल्कि एक नया पंथ भी शुरू किया जिसे बिरसाइत धर्म कहा जाता है। इस धर्म के नियम आज भी सख्त माने जाते हैं और इसे मानने वालों की संख्या काफी कम रह गई है।
बिरसा मुंडा का जन्म झारखंड के खूंटी जिले में हुआ था। उनके परिवार के कई सदस्य ईसाई धर्म अपना चुके थे। चाचा कानू पौलुस से शुरू हुई यह परंपरा पिता सुगना और छोटे भाई तक पहुंच गई। बिरसा बचपन में खटंगा गांव में अपनी मौसी के यहां रहे। वहां एक ईसाई प्रचारक मुंडा समाज की पुरानी परंपराओं की आलोचना करते थे जो बिरसा को पसंद नहीं आया। मिशनरी स्कूल में शुरुआती पढ़ाई के बाद वे अपनी आदिवासी जड़ों की ओर लौट आए।

