प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने इस दौरे पर कुल 34,470 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात देंगे। इसमें 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन शामिल है, जबकि लगभग 14,450 करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी। इन विकास कार्यों में सड़क, बिजली, शहरी बुनियादी ढांचे, जलापूर्ति, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा से जुड़ी सुविधाएं प्रमुखता से शामिल हैं।
वैशाली के जाफरपट्टी पंचायत में करीब 20 लाख वर्गफीट के क्षेत्र में एक विशाल सभा स्थल तैयार किया गया है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को सुचारू रूप से दिखाने के लिए सभा स्थल पर 60 एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं। इसके अलावा, प्रधानमंत्री 100 पीएम ई-बसों को हरी झंडी दिखाएंगे और 26,900 से अधिक शहरी परिवारों को पक्के मकान का लाभ प्रदान किया जाएगा।
पटना के रामचक बैरिया में बनने वाले एकीकृत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट का शिलान्यास भी प्रधानमंत्री द्वारा किया जाएगा। इस परियोजना की कुल लागत 514 करोड़ रुपये है, जिसे पीपीपी मॉडल के तहत विकसित किया जाएगा। सरकार इसमें 126 करोड़ रुपये का निवेश करेगी, जबकि निर्माण एजेंसी मगध रिसोर्स रिकवरी सस्टेनेबल सॉल्यूशंस लिमिटेड 388 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इस प्लांट को 30 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है और इसके बाद एजेंसी अगले 20 वर्षों तक इसका संचालन करेगी।