Bihar News: मोकामा के विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी 25 नवंबर को हो रही है। शादी की तैयारियां गांव नदवां में जोरों पर चल रही हैं। इसी बीच बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह ने कहा है कि वे इस शादी में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि अनंत सिंह ने उन्हें प्रेम से बुलाया है और वे उनकी बिरादरी के हैं। दोनों नेताओं को बाहुबली कहा जाता है। शादी के बाद अनंत सिंह को दुलारचंद हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार 4 दिसंबर तक सरेंडर करना है।
शिवांगी की शादी ऋषिकेश कुमार से होनी है। नदवां गांव में करीब 10 बीघे में भव्य पंडाल तैयार हो रहा है। पंडाल की व्यवस्था ऐसी रखी जा रही है कि जयमाल और अन्य रस्में दूर बैठे मेहमान भी आसानी से देख सकें। सजाने के लिए चीन और बेंगलुरु से फूल मंगाए जा रहे हैं। शादी वाले दिन घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी होगी। इसमें जीतने वाले को थार गिफ्ट दिया जाएगा। अनंत सिंह अपने होने वाले दामाद को लैंड रोवर डिफेंडर भी गिफ्ट करेंगे।

