नई दिल्ली। प्रयागराज महाकुंभ मेले में माला बेचने वाली लड़की मोनालिसा को फिल्म में काम देने का ऑफर देने वाले डायरेक्टर सनोज मिश्रा को दिल्ली पुलिस ने रेप के एक मामले में गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली हाई कोर्ट द्वारा उनकी जमानत याचिका खारिज होने के बाद नबी करीम थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।
फिल्म में काम दिलाने के बहाने किया शोषण
पीड़िता के अनुसार, उसकी मुलाकात सनोज मिश्रा से साल 2020 में टिकटॉक और इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। उस समय वह झांसी में रहती थी। कुछ समय तक ऑनलाइन बातचीत के बाद, 17 जून 2021 को सनोज ने उसे फोन कर झांसी रेलवे स्टेशन बुलाया। पीड़िता ने मिलने से इनकार किया, लेकिन सनोज ने आत्महत्या की धमकी दी, जिससे डरकर वह मिलने पहुंच गई।
अगले दिन, 18 जून 2021 को भी सनोज ने उसे फिर से रेलवे स्टेशन बुलाया और एक रिसॉर्ट में ले जाकर नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद उसने पीड़िता की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बना लिए और उन्हें सार्वजनिक करने की धमकी देकर उसे चुप रखा।

मुंबई ले जाकर भी करता रहा शोषण
सनोज मिश्रा ने शादी का झांसा देकर कई बार पीड़िता को अलग-अलग जगहों पर बुलाया और शारीरिक संबंध बनाए। फिल्मों में काम दिलाने की उम्मीद में पीड़िता मुंबई चली गई और वहां भी सनोज के साथ रहने लगी। मुंबई में भी उसने पीड़िता का शारीरिक शोषण जारी रखा और कई बार मारपीट भी की।
तीन बार जबरन कराया गर्भपात
पीड़िता ने अपनी एफआईआर में आरोप लगाया कि सनोज मिश्रा ने तीन बार जबरन उसका गर्भपात कराया। फरवरी 2025 में उसने पीड़िता को छोड़ दिया और धमकी दी कि यदि उसने शिकायत की तो उसकी अश्लील तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा।
दिल्ली पुलिस ने किया गिरफ्तार
पीड़िता की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने सनोज मिश्रा के खिलाफ मामला दर्ज किया और जांच के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने जमानत के लिए दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया था, लेकिन कोर्ट ने उनकी याचिका खारिज कर दी।
यह मामला तब और चर्चा में आया जब सनोज मिश्रा का नाम महाकुंभ मेले की वायरल गर्ल मोनालिसा से जुड़ा। उन्होंने दावा किया था कि उन्होंने मोनालिसा को अपनी फिल्म ‘द मणिपुर डायरी’ में कास्ट किया है। पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

Welcome to News Media Kiran, your premier source for global news. Stay updated daily with the latest in sports, politics, entertainment, and more. Experience comprehensive coverage of diverse categories, keeping you informed and engaged.



