रविवार, 29 नवंबर 2026
लाइव देखें
हॉट टॉपिक्स
ब्रेकिंग

जमशेदपुर: बचे खाने से बनेगी बायोगैस और बिजली, तीन प्लांट शुरू

जमशेदपुर में शहर के होटलों और घरों से बचने वाले खाने से बायोगैस और बिजली तैयार की जाएगी जिसके लिए तीन प्लांट स्थापित हो रहे हैं।

मुख्य बातें

  • शहर के साठ हजार घरों से रोज उठ रहा है तीन सौ तीस टन कचरा
  • प्रकृति स्नेह खाद के बाद अब लैंडफिल पर निर्भरता घटाने का लक्ष्य
  • बचे खाने से बायोगैस और बिजली बनाने की पूरी जैविक प्रक्रिया
21 मिनट पहले
जमशेदपुर में बायोगैस प्लांट

जमशेदपुर, टोल ब्रिज के पास। शहर के होटलों, संस्थानों और घरों से बचने वाला खाना व खाद्य अपशिष्ट अब बर्बाद नहीं होगा, बल्कि इससे बायोगैस और बिजली तैयार की जायेगी। टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड अपने स्तर पर शहर में 40 टन प्रतिदिन क्षमता के तीन विकेंद्रीकृत बायोमिथेनेशन प्लांट स्थापित कर रहा है, जिनमें से एक संयंत्र शुरू होने के अंतिम चरण में है और मार्च 2027 तक तीनों प्लांट पूरी तरह चालू हो जायेंगे। कचरा परिवहन पर होने वाले ईंधन खर्च और कार्बन उत्सर्जन को कम करने के लिए टोल ब्रिज के पास 20 टन, चाणक्यनगर 10 टन और रामदीन बागान 10 टन क्षमता के संयंत्र विकसित किये जा रहे हैं।

शहर के साठ हजार घरों से रोज उठ रहा है तीन सौ तीस टन कचरा

शहर में स्वच्छता और कचरा संग्रहण की व्यवस्था टीएसयूआइएसएल और जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के संयुक्त समन्वय से चल रही है। रोजाना टीएसयूआइएसएल अपने कमांड व लीज क्षेत्र के 40 हजार घरों और फ्रिंज क्षेत्र के 20 हजार घरों से करीब 220 टन कचरा एकत्र कर रहा है। इसके अलावा जेएनएसी अपने क्षेत्र से 110 टन कचरा एकत्र कर रहा है, जिससे शहर से प्रतिदिन करीब 330 टन ठोस कचरा निकल रहा है। इन सभी क्षेत्रों से निकलने वाले खाद्य अपशिष्ट का वैज्ञानिक निस्तारण इन नए संयंत्रों के माध्यम से किया जाएगा।

यह भी पढ़ें: जमशेदपुर: पोटका में जामडीह उच्च विद्यालय में चोरी

प्रकृति स्नेह खाद के बाद अब लैंडफिल पर निर्भरता घटाने का लक्ष्य

वर्तमान में कुल कचरे के लगभग 50 प्रतिशत हिस्से से कंपोस्ट खाद बनायी जा रही है, जिसे टीएसयूआइएसएल प्रकृति स्नेह ब्रांड नाम से 1 और 2.5 किग्रा पैक में ऑनलाइन और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध करा रहा है। तीनों बायोमिथेनेशन प्लांट और 25 टीपीडी क्षमता के मैकेनाइज्ड एमआरएफ प्लांट के चालू होने के बाद शहर के 80 प्रतिशत कचरे को डंपिंग यार्ड जाने से रोकने का लक्ष्य रखा गया है। कचरा गाड़ियों की जीपीएस ट्रैकिंग, जीआइएस मैपिंग और घरों की क्यूआर कोड से मॉनिटरिंग भी की जा रही है।

बचे खाने से बायोगैस और बिजली बनाने की पूरी जैविक प्रक्रिया

बायोमिथेनेशन प्लांट में सबसे पहले होटलों और घरों से आये गीले व खाद्य कचरे से प्लास्टिक जैसी अशुद्धियां अलग की जायेगी और इसके बाद कचरे को मशीन में पीसकर पानी के साथ गाढ़ा घोल तैयार किया जायेगा। इस घोल को पूरी तरह एयरटाइट टैंक यानी डाइजेस्टर में भेजा जायेगा जहाँ ऑक्सीजन की अनुपस्थिति में खास बैक्टीरिया इसे सड़ाते हैं। इस जैविक प्रक्रिया से मीथेन युक्त बायोगैस बनती है जिसे फिल्टर कर विशेष जनरेटर चलाये जायेंगे और सीधे बिजली पैदा होगी, जबकि टैंक में बचे अवशेष को सुखाकर उत्तम जैविक खाद तैयार की जायेगी।

स्रोत: Prabhat Khabar

Sudhanshu Tiwari
Author: Sudhanshu Tiwari

Sudhanshu Tiwari handles the website and digital support for NewsMediaKiran, helping ensure the platform remains smooth, updated, and user-friendly. He specializes in website development, maintenance, and digital solutions, with a focus on creating reliable and effective online experiences.

वोटिंग जानकारी लोड हो रही है...

कवरेज: Sudhanshu Tiwari, News Media Kiran

Sudhanshu Tiwari

Sudhanshu Tiwari handles the website and digital support for NewsMediaKiran, helping ensure the platform remains smooth, updated, and user-friendly. He specializes in website development, maintenance, and digital solutions, with a focus on creating reliable and effective online experiences.

अपनी राय दें

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *