https://whatsapp.com/channel/0029VajZKpiKWEKiaaMk4U3l
Bihar news

मुजफ्फरपुर नगर सीट से रंजन कुमार को मिला भाजपा का टिकट, दूसरी सूची में आया नाम

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए अपनी दूसरी उम्मीदवार सूची जारी कर दी है। इस सूची में कुल 12 प्रत्याशियों के नाम शामिल किए गए हैं। इनमें सबसे अहम नाम मुजफ्फरपुर नगर विधानसभा सीट से पूर्व जिला अध्यक्ष रंजन कुमार का है।

सूत्रों के अनुसार, रंजन कुमार का नाम पार्टी की पहली सूची में शामिल था, लेकिन अंतिम समय में किसी कारणवश रोक दिया गया था। अब बुधवार को जारी पूरक सूची में भाजपा ने उनके नाम की आधिकारिक घोषणा कर दी है। रंजन कुमार दो बार भाजपा के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं और उनके नेतृत्व में पार्टी को जिले में उल्लेखनीय सफलता मिली थी।

रंजन कुमार ने टिकट मिलने के बाद पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व, साथ ही जिले के सभी वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह अवसर उनके लिए जिम्मेदारी का प्रतीक है और वे पूरी निष्ठा से मुजफ्फरपुर की जनता की सेवा करेंगे।

रंजन कुमार का संबंध भूमिहार समुदाय से है और उन्होंने अपनी राजनीतिक यात्रा 1997 में भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के जिला उपाध्यक्ष के रूप में शुरू की थी। इसके बाद वे 2010 से 2016 तक भाजपा प्रदेश कार्य समिति के सदस्य रहे।

दिसंबर 2019 से जनवरी 2025 तक उन्होंने मुजफ्फरपुर भाजपा जिला अध्यक्ष के रूप में पार्टी का नेतृत्व किया। इस दौरान बिहार विधानसभा चुनाव, कुढ़नी उपचुनाव 2022, नगर निगम चुनाव 2022 और 2024 लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों की जीत में उन्होंने अहम भूमिका निभाई।

इसे भी पढ़ें: Bihar Job News 2025: बिहार इंटर लेवल भर्ती के लिए 23175 पदों पर आवेदन आज से शुरू

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पार्टी ने रंजन कुमार की संगठनात्मक मजबूती और सक्रिय भूमिका को देखते हुए उन्हें टिकट दिया है।

भाजपा की इस घोषणा से मुजफ्फरपुर में चुनावी समीकरण में नया उत्साह देखा जा रहा है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि संगठन के पुराने सिपाही के रूप में रंजन कुमार कितनी मजबूती से जनता का विश्वास जीत पाते हैं।

Vaibhav tiwari
Author: Vaibhav tiwari

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!