BJP Rajyasbha Candidate List: राज्यसभा चुनाव 2026 की सरगर्मी अपने चरम पर पहुंच गई है। नामांकन की आखिरी तारीख से ठीक एक दिन पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की सूची सार्वजनिक कर दी है। पार्टी ने कुल 9 नामों का ऐलान किया है जिनमें बिहार, असम, ओडिशा, छत्तीसगढ़, हरियाणा और पश्चिम बंगाल के प्रत्याशी शामिल हैं। इस सूची में सबसे चर्चित नाम BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का है जिन्हें बिहार से राज्यसभा भेजने के लिए नामित किया गया है। पश्चिम बंगाल से वरिष्ठ नेता राहुल सिन्हा को पार्टी ने अपना उम्मीदवार घोषित किया है। सभी सीटों पर 16 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा और उसी शाम 5 बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी।
पूरी सूची में किसे कहां से मिला टिकट

BJP की घोषित सूची में राज्यवार उम्मीदवारों की बात करें तो बिहार से दो नाम हैं। पार्टी ने बिहार से राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और शिवेश कुमार को उम्मीदवार बनाया है। पूर्वोत्तर राज्य असम से भी दो नाम हैं जिनमें तेराश गोवाला और जेगेन मोहन शामिल हैं। ओडिशा से भी पार्टी ने दो उम्मीदवार उतारे हैं जिनके नाम मनमोहन सामल और सुजीत कुमार हैं। इसके अलावा छत्तीसगढ़ से लक्ष्मी वर्मा, हरियाणा से संजय भाटिया और पश्चिम बंगाल से राहुल सिन्हा को प्रत्याशी घोषित किया गया है।
नितिन नवीन ने होली पर क्या कहा

राज्यसभा के लिए नामित होने के बाद नितिन नवीन ने बिहार और देशवासियों को होली की बधाई देते हुए कहा कि होली का त्योहार बिहार आए बिना अधूरा है। उन्होंने कहा कि घर पर परिवार के साथ और अपने चुनाव क्षेत्र में कार्यकर्ताओं के बीच होली मनाने का अनुभव बेमिसाल होता है। उन्होंने कहा कि यह त्योहार हर घर को रंगों से सजाने के साथ-साथ खुशियों और भाईचारे से भी भर देता है। नितिन नवीन ने यह भी कहा कि होली में बुराई की हार होती है और अच्छाई जीतती है तथा बिहार हमेशा अच्छाई और विकास की राह पर आगे बढ़ता रहे।
किन राज्यों में कितनी सीटों पर होगा चुनाव
निर्वाचन आयोग के अनुसार इस बार 10 राज्यों में राज्यसभा की कुल 37 सीटों पर चुनाव होना है। इनमें महाराष्ट्र में सात, तमिलनाडु में छह, बिहार और पश्चिम बंगाल में पांच-पांच, ओडिशा में चार, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और हरियाणा में दो-दो तथा असम में तीन और हिमाचल प्रदेश में एक सीट पर मतदान होगा। सभी सीटों के लिए एक ही दिन यानी 16 मार्च को मतदान होगा।
BJP Rajyasbha Candidate List: 16 मार्च को एक ही दिन वोटिंग और नतीजे
राज्यसभा चुनाव की पूरी प्रक्रिया 16 मार्च को एक ही दिन में पूरी हो जाएगी। सुबह 9 बजे से दोपहर 4 बजे तक विधायक अपने मत डालेंगे और शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी। नामांकन की अंतिम तारीख नजदीक आने के साथ ही अन्य दलों के उम्मीदवारों के नाम भी सामने आने लगेंगे और राज्यसभा की राजनीतिक तस्वीर और साफ होगी।
Read More Here



