BRICS Summit Day 2: नई दिल्ली में आयोजित हो रहे 18वें BRICS शिखर सम्मेलन का आज दूसरा दिन है और भारत मंडपम में विश्व के बड़े नेताओं की सरगर्मी एक बार फिर देखने को मिल रही है।
पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कई अहम नेताओं से मुलाकात हुई थी, वहीं आज भी कूटनीतिक बैठकों और वैश्विक मुद्दों पर मंथन का सिलसिला जारी रहेगा। भारत मंडपम में सुबह से ही नेताओं और मंत्रियों के पहुंचने का दौर शुरू हो चुका है और सबकी नजरें प्रधानमंत्री मोदी की अलग-अलग देशों के प्रमुखों के साथ होने वाली द्विपक्षीय मुलाकातों पर टिकी हैं।
इससे पहले पहले दिन भारत को एक बड़ी कूटनीतिक कामयाबी हासिल हुई थी, जब सदस्य देशों ने नई दिल्ली घोषणा-पत्र को मंजूरी दी और आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए पहलगाम हमले की कड़ी निंदा की गई। BRICS Summit के इस दूसरे दिन ओपन सेशन में समावेशी वैश्विक विकास को लेकर भी अहम चर्चा होने वाली है।
BRICS Summit Day 2: भारत मंडपम में फैमिली फोटो सेशन के साथ शुरुआत
दूसरे दिन की शुरुआत भारत मंडपम में विश्व नेताओं की मौजूदगी से हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह करीब सवा दस बजे भारत मंडपम पहुंचे, जिसके बाद रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो समेत कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष और शासनाध्यक्ष वहां मौजूद रहे। सभी नेताओं ने मिलकर पारंपरिक ‘फैमिली फोटो’ के लिए पोज दिया, जो इस समिट की सबसे चर्चित तस्वीरों में शामिल हो गई। इसके बाद कार्यक्रम आगे की औपचारिक बैठकों की ओर बढ़ा।
पहले दिन नई दिल्ली घोषणा-पत्र पर बनी सहमति

BRICS समिट के पहले दिन भारत के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि नई दिल्ली घोषणा-पत्र को मिली मंजूरी रही। इस घोषणा-पत्र में सदस्य देशों ने आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर सहमति जताई और 22 अप्रैल 2025 को हुए पहलगाम आतंकी हमले की स्पष्ट शब्दों में निंदा की। दस्तावेज में आतंकियों के साथ-साथ उनके मददगारों और पनाह देने वालों को भी जवाबदेह ठहराने की बात कही गई, जिसे भारत की कूटनीतिक जीत के तौर पर देखा जा रहा है।

मोदी-जिनपिंग और मोदी-पुतिन मुलाकात रही सुर्खियों में
पहले दिन प्रधानमंत्री मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच हुई मुलाकात ने खासा ध्यान खींचा। दोनों नेताओं के बीच करीब पचास मिनट तक बातचीत हुई, जिसमें भारत-चीन संबंधों को सुधारने और सीमा पर शांति व स्थिरता बनाए रखने पर जोर दिया गया। इसके अलावा रूस के राष्ट्रपति पुतिन के साथ भी प्रधानमंत्री मोदी की मुलाकात हुई, जिसमें दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी और आपसी सहयोग को और मजबूत बनाने पर चर्चा हुई।
गाला डिनर में दिखी भारतीय संस्कृति की झलक
समिट के पहले दिन प्रधानमंत्री मोदी ने BRICS देशों के नेताओं के लिए भारत मंडपम में शानदार गाला डिनर का आयोजन किया था। इस दावत में रूस के राष्ट्रपति पुतिन समेत कई देशों के प्रमुख शामिल हुए और भारतीय खान-पान व सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली। डिनर के दौरान माहौल उस समय और रोचक हो गया, जब मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने किशोर कुमार का एक मशहूर गीत गाकर सबका दिल जीत लिया।
BRICS Summit Day 2: ओपन सेशन में वैश्विक विकास और सहयोग पर होगा मंथन
आज दूसरे दिन भारत मंडपम में सुबह पौने ग्यारह बजे शिखर सम्मेलन का ओपन सेशन शुरू होगा, जिसकी थीम लचीलेपन, नवाचार, सहयोग और सतत विकास के जरिए समावेशी वैश्विक विकास के भविष्य पर केंद्रित रखी गई है। इस सत्र में नेता वैश्विक आर्थिक सहयोग, नवाचार और विकासशील देशों की आवाज को मजबूत बनाने जैसे मुद्दों पर विचार साझा करेंगे। इसके अलावा मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा से नाश्ते पर मुलाकात कर द्विपक्षीय संबंधों की गर्मजोशी भी दिखाई।
भारत की मेजबानी में हो रहा यह 18वां BRICS शिखर सम्मेलन ऐसे समय हो रहा है जब दुनिया कई मोर्चों पर तनाव और आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रही है। दूसरे दिन की बैठकों में व्यापार, निवेश, रणनीतिक साझेदारी और क्षेत्रीय शांति जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा होने की उम्मीद है। पहले दिन मिली कूटनीतिक सफलता के बाद अब सबकी नजरें इस बात पर हैं कि आज होने वाली द्विपक्षीय बैठकों से भारत को किस तरह के नतीजे हासिल होते हैं। कुल मिलाकर यह समिट भारत की वैश्विक कूटनीति को नई दिशा देने वाला साबित हो सकता है।
Read More Here:-
BRICS Pay: ब्रिक्स पे क्या है, यूपीआई जैसी व्यवस्था से देशों के बीच स्थानीय मुद्रा में होगा भुगतान
Jharkhand News: धौनी के बाद टेरिटोरियल आर्मी में अफसर बनने वाले दूसरे क्रिकेटर बने एनएन सुब्रमण्यम
SIP Formula: हर महीने 15 हजार की एसआईपी से 15-15-30 फॉर्मूला, लंबी अवधि में बड़ा फंड बनाने की रणनीति
किसानों के लिए खुशखबरी: मलेशिया जाएगा यूपी का आलू, 585 मीट्रिक टन के निर्यात की तैयारी
Sanjana Gupta
Hindi Content Writer | New Media Kiran
Sanjana Gupta is a Hindi Content Writer at New Media Kiran, creating accurate, engaging, and reader-friendly news and web content for digital platforms. She specializes in well-researched Hindi articles that keep audiences informed and interested.

