मैथन डैम बालू-गाद नीलामी: दामोदर घाटी निगम (DVC) द्वारा मैथन डैम की तलहटी में जमा गाद और बालू की बिक्री को लेकर प्रस्तावित 521.33 करोड़ रुपये की ई-नीलामी टल गई है। राज्य सरकार की आपत्ति के बाद DVC ने 17 और 18 दिसंबर को तय नीलामी प्रक्रिया स्थगित कर दी है। टेंडर की अंतिम तिथि भी बढ़ाकर जनवरी 2027 कर दी गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और ऊर्जा सचिव के. श्रीनिवासन को निर्देश दिया है कि वे केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय के सामने राज्य के हितों को मजबूती से रखें।
DVC ने डिसिल्टिंग के नाम पर अगले 10 वर्षों तक जलाशय से गाद और बालू निकालकर रेवेन्यू शेयरिंग मॉडल पर बेचने की योजना बनाई थी। इसके लिए GeM पोर्टल पर ई-टेंडर जारी किया गया था। राज्य सरकार का आरोप है कि इतनी बड़ी प्रक्रिया में न तो झारखंड को विश्वास में लिया गया और न ही खनिज नियमों का पालन किया गया।

