BJP Rajyasabha Election Candidate: राज्यसभा चुनाव 2026 को लेकर सियासी तस्वीर और साफ होती जा रही है। महाराष्ट्र से NDA उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया गया है। BJP की केंद्रीय चुनाव समिति ने महाराष्ट्र में होने वाले राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव के लिए चार नामों को हरी झंडी दे दी है। इस सूची में केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले, BJP के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े, माया चिंतामण ईवनाते और रामराव वडकुले के नाम शामिल हैं। महाराष्ट्र में राज्यसभा की सात सीटों पर अप्रैल में कार्यकाल समाप्त हो रहा है और इन्हीं सीटों के लिए 16 मार्च को मतदान होगा।
विनोद तावड़े पहले ही हो चुके थे घोषित

मंगलवार को ही BJP ने घोषणा की थी कि पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े महाराष्ट्र से राज्यसभा चुनाव लड़ेंगे। तावड़े इस समय बिहार में BJP के प्रभारी हैं और उन्हें महाराष्ट्र की एक सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। अब NDA की पूरी सूची सामने आने के बाद तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट हो गई है।
अन्य राज्यों में पहले ही हो चुकी है घोषणा

महाराष्ट्र से पहले BJP ने विभिन्न राज्यों में कुल 9 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी थी। बिहार से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और शिवेश कुमार मैदान में हैं। असम से तेरश गोवाला और जोगेन मोहन को नामांकित किया गया है। छत्तीसगढ़ से लक्ष्मी वर्मा, हरियाणा से संजय भाटिया और ओडिशा से राज्य इकाई के प्रमुख मनमोहन सामल और सुजीत कुमार को उम्मीदवार बनाया गया है।
BJP Rajyasabha Election Candidate: हरियाणा से संजय भाटिया का जीतना तय
हरियाणा से BJP के उम्मीदवार संजय भाटिया करनाल के पूर्व सांसद हैं और केंद्रीय मंत्री तथा हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के करीबी माने जाते हैं। हरियाणा विधानसभा में BJP के पास बहुमत होने के कारण भाटिया का राज्यसभा पहुंचना लगभग तय माना जा रहा है। उम्मीदवारी की घोषणा के बाद भाटिया ने पार्टी नेतृत्व को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने एक आम कार्यकर्ता को यह अवसर दिया।
16 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा और उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी। महाराष्ट्र सहित कुल 10 राज्यों में राज्यसभा की 37 सीटों के लिए एक ही दिन चुनाव संपन्न होगा।
Read More Here



