NDA Exam 2027: किन विषयों पर रखें फोकस, कैसे बनाएं सही रणनीति
By Netsha Singh | News Media Kiran
प्रकाशित: · 3 मिनट में पढ़ें
शेयर करें
1 घंटे पहले
NDA Exam 2027
NDA Exam 2027: भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना में अधिकारी बनने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) एक महत्वपूर्ण अवसर है।
हर साल बड़ी संख्या में उम्मीदवार इस परीक्षा में शामिल होते हैं। अगर आप NDA 2027 की तैयारी कर रहे हैं तो अभी से सही रणनीति बनाना जरूरी है। परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए मैथ्स, इंग्लिश, फिजिक्स, केमिस्ट्री, इतिहास, भूगोल और करेंट अफेयर्स जैसे विषयों पर विशेष ध्यान देना होगा।
कब होगी परीक्षा और आवेदन प्रक्रिया
NDA और नेवल एकेडमी परीक्षा (I) 2027 के लिए आवेदन प्रक्रिया जनवरी महीने में शुरू होगी। परीक्षा अप्रैल में आयोजित की जाएगी। वहीं NDA और नेवल एकेडमी परीक्षा (II) 2027 सितंबर महीने में होगी।
दोनों परीक्षाओं की तैयारी के लिए समय रहते योजना बनाना फायदेमंद रहेगा। लिखित परीक्षा पास करने के बाद SSB इंटरव्यू का चरण आता है, जिसकी तैयारी भी साथ-साथ करनी चाहिए।
मैथ्स और इंग्लिश पर सबसे ज्यादा ध्यान
NDA की लिखित परीक्षा में मैथ्स का पेपर 300 अंकों का होता है। इसमें अच्छे अंक हासिल करने के लिए नियमित अभ्यास जरूरी है। उम्मीदवारों को अलजेब्रा, ट्रigonometry, मैट्रिक्स, डिटरमिनेंट और कैलकुलस जैसे टॉपिक्स पर विशेष ध्यान देना चाहिए। कक्षा 11वीं और 12वीं की NCERT किताबों से तैयारी करना उपयोगी साबित हो सकता है।
जनरल एबिलिटी टेस्ट (GAT) में अंग्रेजी का हिस्सा 200 अंकों का होता है। ग्रामर, टेंस, वोकैबुलरी, समानार्थी-विलोम शब्द, सेंटेंस करेक्शन और रीडिंग कॉम्प्रिहेंशन का नियमित अभ्यास करें। अंग्रेजी अखबार पढ़ने से भाषा की समझ बेहतर होती है।
फिजिक्स, केमिस्ट्री और सामाजिक विज्ञान
GAT पेपर में फिजिक्स और केमिस्ट्री से भी सवाल पूछे जाते हैं। फिजिक्स में गति, बल, न्यूटन के नियम, गुरुत्वाकर्षण, प्रकाश, ध्वनि और बिजली जैसे टॉपिक्स तैयार करें। केमिस्ट्री में परमाणु, तत्व, रासायनिक अभिक्रियाएं, अम्ल-क्षार और धातु-अधातु पर ध्यान दें। इन विषयों के लिए भी NCERT किताबें उपयोगी हैं।
इतिहास में प्राचीन भारत, आधुनिक भारत और स्वतंत्रता आंदोलन की प्रमुख घटनाओं को पढ़ें। भूगोल में भारत की नदियां, पर्वत, जलवायु, मिट्टी, कृषि और प्राकृतिक संसाधनों पर फोकस करें। मैप की मदद से तैयारी करना फायदेमंद रहेगा।
करेंट अफेयर्स और मॉक टेस्ट का महत्व
करेंट अफेयर्स NDA तैयारी का अहम हिस्सा है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं, खेल, पुरस्कार, विज्ञान-तकनीक और रक्षा क्षेत्र से जुड़ी खबरों पर नजर रखें। भारतीय सेना के सैन्य अभ्यास, रक्षा समझौते और अंतरिक्ष मिशनों की जानकारी जरूर पढ़ें। रोज अखबार पढ़ने की आदत डालें।
पुराने प्रश्नपत्र हल करने के साथ नियमित मॉक टेस्ट दें। इससे समय प्रबंधन और सवालों को समझने में मदद मिलेगी। परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग होती है। गलत उत्तर पर निर्धारित अंकों का एक-तिहाई काट लिया जाता है। इसलिए सवालों का जवाब सोच-समझकर दें।
SSB इंटरव्यू की तैयारी भी जारी रखें
लिखित परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों को SSB इंटरव्यू के लिए बुलाया जाता है। यह प्रक्रिया 900 अंकों की होती है। इसमें नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता, टीमवर्क और व्यक्तित्व को परखा जाता है।
लिखित परीक्षा की तैयारी के साथ SSB के लिए भी अभ्यास शुरू कर दें। ग्रुप डिस्कशन, साइकोलॉजिकल टेस्ट और व्यक्तिगत साक्षात्कार के लिए मानसिक रूप से तैयार रहना जरूरी है। सही रणनीति और नियमित मेहनत से NDA परीक्षा में सफलता हासिल की जा सकती है।