LPG Cylinder: देशभर में पेट्रोल और डीजल की किल्लत की चर्चाओं के बीच बिहार से राहत की खबर आई है। पेट्रोलियम कंपनियों ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी पेट्रोल पंप पर कोई कमी नहीं है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड यानी IOCL, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड यानी BPCL और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड यानी HPCL के सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति निर्बाध जारी है। पेट्रोलियम उद्योग के अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।
आंकड़े बता रहे हैं पर्याप्त आपूर्ति
पेट्रोलियम कंपनियों के आधिकारिक आंकड़े इस बात की पुष्टि करते हैं कि बिहार में ईंधन की आपूर्ति न केवल पर्याप्त है बल्कि सुचारू रूप से जारी है। अप्रैल 2024 से मार्च 2025 के बीच पूरे प्रदेश में कुल 23,27,482.6 मीट्रिक टन डीजल की खपत हुई। इसमें IOCL ने सबसे बड़ा हिस्सा 12,30,345.2 मीट्रिक टन की आपूर्ति की, BPCL ने 6,34,840.5 मीट्रिक टन और HPCL ने 4,62,297 मीट्रिक टन डीजल की आपूर्ति की। इसी अवधि में पेट्रोल की कुल खपत 11,17,114.4 मीट्रिक टन रही।
फरवरी 2026 में भी सामान्य रही आपूर्ति

हाल के आंकड़ों पर नजर डालें तो फरवरी 2026 में बिहार में डीजल की कुल खपत 1,89,113.68 मीट्रिक टन रही। इसमें IOCL ने 97,205.41 मीट्रिक टन, BPCL ने 54,472.06 मीट्रिक टन और HPCL ने 37,436.21 मीट्रिक टन डीजल की आपूर्ति की। पेट्रोल की खपत फरवरी 2026 में 96,383.97 मीट्रिक टन रही। ये आंकड़े साफ बताते हैं कि प्रदेश में ईंधन की कोई किल्लत नहीं है और सभी तीनों कंपनियां अपनी-अपनी हिस्सेदारी के अनुसार नियमित आपूर्ति कर रही हैं।
अफवाहों से न घबराएं आम लोग
पेट्रोलियम उद्योग से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध आंकड़े स्पष्ट करते हैं कि प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पर्याप्त है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर फैलाई जा रही अफवाहों के कारण घबराकर अत्यधिक मात्रा में ईंधन न भरवाएं। इससे कृत्रिम किल्लत की स्थिति बन सकती है।
LPG सिलेंडर हुआ 60 रुपये महंगा, अब 1011 रुपये में मिलेगा
ईंधन आपूर्ति की राहतभरी खबर के साथ एक बुरी खबर भी है। घरेलू रसोई गैस यानी LPG सिलेंडर के दाम में 60 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। 14.2 किलोग्राम के घरेलू सिलेंडर की कीमत 951 रुपये से बढ़कर अब 1011 रुपये हो गई है। लगातार बढ़ती महंगाई के बीच यह बढ़ोतरी आम परिवारों के घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ डालेगी।
LPG Cylinder: बुकिंग पहले की हो तो भी देनी होगी नई कीमत
कीमत बढ़ने के बाद गैस एजेंसियों की ओर से कैश ऑन डिलीवरी और ऑनलाइन भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं से भी बढ़ी हुई राशि ली जा रही है। पेट्रोलियम कंपनियों के अधिकारियों का कहना है कि गैस सिलेंडर की कीमत बुकिंग के समय नहीं बल्कि आपूर्ति के समय लागू दर के आधार पर तय होती है। यानी जिस दिन सिलेंडर उपभोक्ता को दिया जाता है उसी दिन की कीमत प्रभावी मानी जाती है।
Read More Here



