Gaza Peace Plan: इजरायल और हमास के बीच करीब दो साल से जारी संघर्ष में पहली बार शांति की ठोस पहल देखने को मिली है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने बुधवार को ऐलान किया कि दोनों पक्ष उनकी शांति योजना के पहले चरण पर सहमत हो गए हैं। इस समझौते के तहत लड़ाई को रोका जाएगा और बंधकों व कैदियों की रिहाई की प्रक्रिया शुरू होगी।
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा, “इसका मतलब है कि सभी बंधक बहुत जल्द रिहा किए जाएंगे और इजरायल अपनी सेना को तय की गई सीमा तक वापस बुलाएगा। यह स्थायी शांति की दिशा में पहला मजबूत कदम है।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस समझौते में सभी पक्षों को बराबर का सम्मान मिलेगा।
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने समझौते का स्वागत करते हुए कहा, “ईश्वर की कृपा से हम अपने सभी लोगों को वापस घर ला पाएंगे।” दूसरी ओर, हमास ने एक अलग बयान जारी कर बताया कि समझौते में इजरायली सेना की वापसी, मानवीय सहायता की एंट्री और बंधकों-कैदियों का आदान-प्रदान शामिल है।
सूत्रों के अनुसार, हमास इस सप्ताह के अंत तक अपने पास मौजूद लगभग 20 जीवित बंधकों को रिहा करेगा। वहीं, इजरायल गाजा के कई इलाकों से अपनी सेना की क्रमिक वापसी शुरू करेगा।
Also Read: Bihar Weather Today: 24 घंटे में बदलेगा मौसम, कल से ठंड देगी दस्तक, जानें IMD का पूरा अपडेट
हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि यह समझौता केवल पहला कदम है। अब भी कई बड़े सवालों पर स्थिति स्पष्ट नहीं है—जैसे कि ट्रंप की योजना के तहत हमास का हथियार छोड़ना, या युद्ध के बाद गाजा में शासन व्यवस्था कैसी होगी।
फिर भी, यह पहल पिछले कई महीनों में शांति बहाल करने की दिशा में सबसे बड़ी प्रगति मानी जा रही है और इसे मध्य पूर्व की राजनीति में संभावित टर्निंग प्वाइंट के तौर पर देखा जा रहा है।



