Jharkhand Budget Session 2026: झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में मंगलवार को द्वितीय पाली में श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग और उद्योग विभाग के कटौती प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा हुई। डुमरी विधानसभा से झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा यानी JLKM के विधायक जयराम कुमार महतो ने इन विभागों के बजट में कटौती का प्रस्ताव लाया था। सदन में व्यापक चर्चा के बाद श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग का 1168.73 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हो गया।
20 हजार करोड़ का निवेश और रोजगार का संकल्प

सरकार की ओर से उत्तर देते हुए विभागीय मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि हर हाथ को काम और हर चेहरे पर मुस्कान हेमंत सोरेन सरकार का संकल्प है और इसे पूरा करने के लिए लगातार प्रयास हो रहे हैं। उन्होंने सदन को बताया कि हेमंत सरकार राज्य में 20 हजार करोड़ रुपये का निवेश लाने की योजना बना रही है ताकि झारखंड में रोजगार के नए अवसर पैदा हों। मंत्री ने कहा कि राज्य में औद्योगिक विकास पर भी तेजी से काम हो रहा है।
3.89 लाख निर्माण श्रमिकों का हुआ निबंधन
मंत्री संजय प्रसाद यादव ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में जनवरी 2026 तक तीन लाख 89 हजार 568 निर्माण श्रमिकों का निबंधन किया जा चुका है। झारखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के माध्यम से 2 लाख 77 हजार 582 निबंधित लाभुकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कुल 167.93 करोड़ रुपये वितरित किए गए हैं।
असंगठित क्षेत्र के 15.57 लाख श्रमिकों को मिला लाभ
मंत्री ने बताया कि श्रमाधान पोर्टल पर अब तक असंगठित क्षेत्र के कुल 15 लाख 57 हजार 373 श्रमिक निबंधित हैं। इनमें से 31 जनवरी 2026 तक कुल 83 हजार 919 श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं के तहत 58.19 करोड़ रुपये के समतुल्य योजनाओं का लाभ दिया जा चुका है।
बाल श्रम उन्मूलन पर भी चल रहा अभियान
मंत्री ने सदन को बताया कि बाल श्रमिकों की विमुक्ति के लिए राज्य में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 80 बाल श्रमिकों को विमुक्त कराया गया है। इनमें से 22 बाल श्रमिकों का नामांकन विभिन्न विद्यालयों में करा दिया गया है और शेष बच्चों के नामांकन की प्रक्रिया जारी है।
प्रवासी मजदूरों के परिवारों को भी मिला सहारा
झारखंड के लाखों मजदूर देश और विदेश में काम करते हैं। ऐसे प्रवासी मजदूरों के कल्याण पर भी सरकार ने ध्यान दिया है। चालू वित्त वर्ष में 273 प्रवासी मजदूरों के आश्रितों को उनकी मृत्यु के बाद 225.50 लाख रुपये की सहायता राशि दी गई है। सामान्य मृत्यु की स्थिति में 219 श्रमिकों के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक आवास तक पहुंचाने के लिए 106.55 लाख रुपये उनके आश्रितों को दिए गए हैं।
14748 युवाओं को मिला रोजगार
बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र के प्रतिष्ठानों में रोजगार दिलाने के उद्देश्य से चालू वित्त वर्ष में 302 भर्ती कैंप और 95 रोजगार मेलों का आयोजन किया गया जिनके जरिए 14 हजार 748 युवाओं का रोजगार के लिए चयन किया गया है।
Jharkhand Budget Session 2026: सदन में CM पर टिप्पणी को लेकर बवाल
इस दौरान विधायक जयराम महतो ने कहा कि धनबाद की एक सभा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कथित रूप से कहा था कि अगर निजी संस्थान नौकरी नहीं देते तो लोग उन पर कब्जा कर लें। महतो ने कहा कि एक मुख्यमंत्री का यह बयान उनके पद की गरिमा के विपरीत है। इस पर संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने तत्काल आपत्ति जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री से संबंधित ऐसा कोई प्रमाणित सबूत नहीं है इसलिए इसे सदन की कार्यवाही से हटाया जाए।
Read More Here
मेष को जमीन विवाद में राहत, वृष-मिथुन को करियर में सफलता, जानें सभी 12 राशियों का बुधवार का भविष्यफल



