News Media Kiran, देवघर | 30 जुलाई 2026: श्रावणी मेले में इस बार झारखंड सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। बाबा बैद्यनाथ और बासुकीनाथ धाम में अब कोई वीआईपी दर्शन नहीं होगा । इस बार मंत्री, अधिकारी, नेता और खास लोग भी आम श्रद्धालुओं की तरह लाइन में लगकर ही पूजा-अर्चना कर सकेंगे।
सरकार का सख्त निर्देश – दर्शन की व्यवस्था एक जैसी
मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग की अपर मुख्य सचिव सह गृह सचिव वंदना डाडेल ने बुधवार को पत्र जारी कर सभी प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
पत्र में कहा गया है कि सभी श्रद्धालुओं के लिए दर्शन की एक जैसी व्यवस्था होगी। इससे हर भक्त सुरक्षित और सुगम तरीके से दर्शन कर पाएगा। साथ ही आम श्रद्धालुओं की नाराजगी भी दूर होगी और भीड़ को नियंत्रित करना आसान होगा।
सरकार ने साफ किया है कि श्रावणी मेले के दौरान वीआईपी दर्शन के लिए कोई सिफारिश या अनुरोध न भेजा जाए। इस संबंध में जानकारी भारत सरकार के कैबिनेट सचिव, सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों, सुप्रीम कोर्ट और सभी हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल को भी भेज दी गई है।
सरकार का तर्क है कि सावन महीने में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु बाबाधाम और बासुकीनाथ पहुंचते हैं। वीआईपी प्रोटोकॉल की वजह से आम भक्तों को दिक्कत होती थी। नया फैसला भीड़ प्रबंधन और समानता के लिए जरूरी है।
55 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना
इस बार श्रावणी मेले में 55 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। पिछले वर्ष 53 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा को जलार्पण किया था। मेले का शुभारंभ पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार और ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका सिंह पांडेय ने किया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वयं मेले की व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
देवघर और बासुकीनाथ में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा, पेयजल, चिकित्सा और आवास की विशेष व्यवस्था है। लंबी कतारों में खड़े भक्त “बोल बम” के जयकारे लगाते नजर आ रहे हैं।
आम भक्तों ने फैसले का स्वागत किया
वीआईपी दर्शन बंद होने के फैसले से आम श्रद्धालु खुश हैं। उनका कहना है कि हर साल घंटों लाइन में लगने के बाद भी वीआईपी लोगों को आगे निकाल दिया जाता था। अब सबके लिए बराबर नियम होने से व्यवस्था बेहतर होगी।
सावन की शुभकामनाएं – NewsMediaKiran की ओर से
“ॐ त्र्यम्बकं यजामहे सुगन्धिं पुष्टिवर्धनम्।
उर्वारुकमिव बन्धनान् मृत्योर्मुक्षीय मामृतात्॥”
सावन के पवित्र महीने और श्रावणी मेले की हार्दिक शुभकामनाएं, बाबा बैद्यनाथ और बाबा बासुकीनाथ आप सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करें। बोल बम… हर महादेव!
टीम न्यूज मीडिया किरण

Welcome to News Media Kiran, your premier source for global news. Stay updated daily with the latest in sports, politics, entertainment, and more. Experience comprehensive coverage of diverse categories, keeping you informed and engaged.


