CHINTPURNI (ऊना)। प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता चिंतपूर्णी मंदिर में आयोजित श्रावण अष्टमी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। मेले में अष्टमी तक मंदिर न्यास को 1 करोड़ 53 लाख 10 हजार 114 रुपये का नकद चढ़ावा प्राप्त हुआ है। इसके अलावा देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं ने विदेशी मुद्रा भी माता रानी के चरणों में अर्पित की।
मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर ने बताया कि श्रावण अष्टमी मेले के दौरान अष्टमी तक मंदिर न्यास को यह नकद चढ़ावा प्राप्त हुआ। श्रद्धालुओं ने भारतीय मुद्रा के साथ विभिन्न देशों की विदेशी मुद्रा भी मां चिंतपूर्णी को अर्पित की।
विदेशी मुद्रा में 372 अमेरिकी डॉलर, 85 यूरो, 625 कनाडाई मुद्रा, 30 ऑस्ट्रेलियाई मुद्रा, 55 इंग्लैंड की मुद्रा, 100 दक्षिण अफ्रीकी मुद्रा, 75 यूएई की मुद्रा और 600 ओमानी रियाल शामिल हैं।
नवमी पर 25 हजार श्रद्धालुओं ने किए माता रानी के दर्शन
श्रावण अष्टमी मेले के नवमीं दिन भी माता चिंतपूर्णी के दरबार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। करीब 25 हजार श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में शीश नवाया और पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। दिनभर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
मेला समाप्त होते ही कम हुई रौनक
चिंतपूर्णी मंदिर से लेकर शीतला मंदिर तक पिछले आठ दिनों से जारी मेले की चहल-पहल अब धीरे-धीरे समाप्त हो गई है। मेला समाप्त होने के साथ ही क्षेत्र में लगी दुकानों और लंगर स्थलों की रौनक भी कम हो गई। अधिकांश श्रद्धालु अपने घरों की ओर लौट गए हैं, वहीं सेवा में जुटी कई लंगर संस्थाओं ने भी अपना सामान समेटना शुरू कर दिया है।
मेला ड्यूटी पर तैनात अधिकांश पुलिस कर्मचारी भी अब वापस लौट चुके हैं। कई दिनों तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
डीसी ऊना जतिन लाल ने कहा कि श्रावण अष्टमी मेले के दौरान देश और विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता रानी की पावन पिंडी के दर्शन करने के लिए चिंतपूर्णी पहुंचे। मेले के सफल आयोजन में प्रशासन, पुलिस, मंदिर न्यास और स्थानीय लोगों का सहयोग महत्वपूर्ण रहा।


