Sleep Hours Per Day: आपने अक्सर यह सुना होगा कि कम सोना सेहत के लिए नुकसानदायक है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि जरूरत से ज्यादा सोना भी उतना ही हानिकारक हो सकता है? जी हां, अमेरिका के मशहूर हार्ट सर्जन डॉक्टर जेरेमी लंदन ने इस विषय पर बेहद महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। उनका कहना है कि नींद और स्वास्थ्य का संबंध U-आकार के ग्राफ जैसा होता है यानी जो लोग 6 घंटे से कम सोते हैं और जो 9 घंटे से ज्यादा सोते हैं दोनों के लिए खतरा बराबर है। सबसे अच्छी और सुरक्षित नींद 6 से 8 घंटे के बीच मानी जाती है। नींद को लेकर की गई यह लापरवाही सिर्फ खराब मूड तक सीमित नहीं रहती बल्कि लंबे समय में यह जानलेवा भी साबित हो सकती है।
रोज कितने घंटे सोना चाहिए?

डॉक्टर जेरेमी लंदन के अनुसार हर इंसान की एक बायोलॉजिकल क्लॉक होती है और हमारा शरीर रात में जागने के लिए नहीं बना है। इसीलिए 7 से 8 घंटे की नींद शरीर के लिए सबसे उपयुक्त मानी जाती है। अगर आप इससे कम यानी 6 घंटे से कम सो रहे हैं तो यह लंबे समय में खतरनाक है। उसी तरह अगर आप 9 घंटे से ज्यादा सोते हैं तो वह भी स्वास्थ्य के लिए ठीक नहीं है। यानी न बहुत कम नींद अच्छी है और न बहुत ज्यादा।
हमारा शरीर सूरज के साथ चलता है
डॉक्टर ने बताया कि हमारे शरीर की एक प्राकृतिक दैनिक लय होती है जिसे सर्केडियन रिदम कहते हैं। सूरज उगने के साथ जागना और सूरज डूबने के बाद आराम करना हमारे शरीर की स्वाभाविक जरूरत है। जब हम इस प्राकृतिक लय के अनुसार सोते और जागते हैं तो शरीर के सभी हार्मोन सही समय पर सही तरीके से काम करते हैं। लेकिन जब हम रात को देर तक जागते हैं तो हार्मोन गलत समय पर सक्रिय हो जाते हैं। इसका सीधा असर भूख पर पड़ता है, मन की इच्छाएं बदलने लगती हैं, मूड खराब रहता है और तनाव का स्तर भी बढ़ जाता है।
लंबे समय तक खराब नींद के गंभीर नुकसान
डॉक्टर जेरेमी लंदन ने यह भी स्पष्ट किया कि एक रात की खराब नींद से आपकी सेहत पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ता। लेकिन अगर यह सिलसिला महीनों और सालों तक चलता रहे तो शरीर को गंभीर नुकसान होने लगता है। लंबे समय तक नींद पूरी न होने पर टाइप 2 डायबिटीज यानी मधुमेह का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा दिल की बीमारियां होने का जोखिम भी काफी बढ़ जाता है। यहां तक कि कुछ प्रकार के कैंसर का खतरा भी नींद की कमी से जुड़ा पाया गया है। हार्ट को स्वस्थ रखने के लिए कम से कम 6 घंटे की नींद हर रात जरूरी है।
Sleep Hours Per Day: याद रखें ये जरूरी बातें
अच्छी नींद के लिए हर रात एक ही समय पर सोने और जागने की आदत बनाएं। सोने से पहले मोबाइल और टीवी से दूरी रखें। रात का खाना हल्का खाएं और सोने से कम से कम दो घंटे पहले खा लें। कमरे में अंधेरा और शांति रखें ताकि नींद की गुणवत्ता बेहतर हो। रोज व्यायाम करने से भी रात की नींद में सुधार आता है।
अच्छी नींद कोई विलासिता नहीं बल्कि यह उतनी ही जरूरी है जितना खाना और पानी। इसलिए अपनी नींद को गंभीरता से लें और रोज 7 से 8 घंटे की भरपूर और गहरी नींद लेकर खुद को स्वस्थ और ऊर्जावान बनाए रखें।
Read More Here



