Islamabad And Rawalpindi: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की सेहत को लेकर चल रही चिंताओं के बीच बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के अनुसार, इमरान खान को रावलपिंडी की अदियाला जेल से निकालकर इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल ले जाया गया है। उन्हें कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, उनके अस्पताल पहुंचने की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
यह घटनाक्रम पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट के उस आदेश के बाद सामने आया है, जिसमें इमरान खान को चिकित्सकीय जांच के लिए 48 घंटे के भीतर अस्पताल ले जाने का निर्देश दिया गया था।
तीन जजों की पीठ ने अपने आदेश में कहा था कि इलाज के दौरान इमरान खान की सेहत, सुरक्षा और सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाए।
आंखों की रोशनी को लेकर भी जताई गई चिंता
73 वर्षीय इमरान खान के वकील लंबे समय से उनकी सेहत को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। उनका दावा है कि जेल में उन्हें कई स्वास्थ्य समस्याओं के बावजूद विशेषज्ञ डॉक्टरों से आवश्यक इलाज नहीं मिल पा रहा था।
फरवरी में इमरान के एक वकील ने दावा किया था कि उनकी दाहिनी आंख की रोशनी केवल 15 फीसदी रह गई है। हालांकि, पाकिस्तान सरकार ने इस दावे को खारिज कर दिया था।
अब सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के तहत इमरान खान की मेडिकल जांच में आंखों के विशेषज्ञ डॉक्टरों को भी शामिल किए जाने की बात कही गई है। अदालत के आदेश के बाद उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है।

महीनों बाद परिवार से मिलने का भी रास्ता खुला
सुप्रीम कोर्ट के आदेश में केवल मेडिकल जांच और इलाज की बात ही नहीं की गई थी, बल्कि इमरान खान को परिवार से मिलने की अनुमति देने के भी निर्देश दिए गए थे। लंबे समय से जेल में बंद इमरान खान की बहन मंगलवार रात उनसे मिलने पहुंची थीं।
इमरान खान को अस्पताल ले जाने की खबर सामने आने के बाद शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। इलाके में पुलिस बैरिकेड लगाए गए और पुलिस वाहनों के साथ बख्तरबंद गाड़ियों की भी तैनाती की गई।
अस्पताल के बाहर शक्ति प्रदर्शन पर रोक
सुप्रीम कोर्ट ने इमरान खान की पार्टी PTI को अस्पताल के बाहर प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही समर्थकों से भी अस्पताल के आसपास जमा नहीं होने की अपील की गई है।
अदालत का उद्देश्य इलाज की प्रक्रिया को किसी भी तरह के राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन से दूर रखना है।
इमरान खान की सेहत और उनके इलाज को लेकर अब सबकी नजरें अस्पताल से आने वाली आधिकारिक जानकारी और आगे की मेडिकल रिपोर्ट पर टिकी हैं।


